रंग लाया संघर्ष… हरकत में आया जिला प्रशासन

लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता को पत्र भेजकर पक्काटाला- बालू मार्ग पर भू-स्खलन रोकने को लेकर निर्देश जारी

नगर संवाददाता-चंबा
भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य जय सिंह का शहर के पक्काटाला- बालू संपर्क मार्ग की दरकती पहाड़ी से भू-स्खलन को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग को लेकर जारी संघर्ष रंग लाया है। जय सिंह के इस मसले को लेकर भूख हड़ताल पर बैठने के बाद जिला प्रशासन ने हरकत में आते हुए लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता को पत्र भेजकर संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों के संग बैठक कर प्रभावी कदम उठाकर वास्तुस्थिति की जानकारी देने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। जिला प्रशासन की ओर से मामले को लेकर गंभीरता दिखाने पर जय सिंह ने भूख हड़ताल पर विराम लगाने के साथ ही सोमवार को एडीएम चंबा राहुल चौहान से मुलाकात कर आभार जताया। उल्लेखनीय है कि जय सिंह गत शनिवार को पक्काटाला-बालू संपर्क मार्ग के एक छोर पर दरकती पहाड़ी से जारी भू-स्खलन को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे थे।

जय सिंह का कहना था कि पूर्व जयराम सरकार के कार्यकाल में भू-स्खलन को रोकने के लिए बाकायदा सवा तीन करोड़ रुपए की राशि सरकार द्वारा मंजूर भी की गई थी, लेकिन कार्य न होने के कारण इस पैसे को वापस ले लिया गया है। जय सिंह का कहना था कि इस मार्ग से रोजाना हजारों लोग आवाजाही भी करते हैं। इसके चलते हर समय हादसे का डर बना रहता है। कई बार पत्थरों की चपेट में आने से कुछ लोग घायल भी हो चुके हैं। जय सिंह ने कहा कि बड़े दुख का विषय है कि सरकार और प्रशासन लोगों की सुरक्षा के लिए गंभीर नहीं है। बहरहाल, जय सिंह ने मांग पर सकारात्मक कार्रवाई को लेकर जिला प्रशासन के प्रयासों की सराहना की है।