जालंधर में चाकू से गोदकर युवक की हत्या, पत्नी भी घायल

बस्ती शेख मौहल्ला चाय आम में हमलावरों ने किया हमला, गर्भवती पत्नी भी घायल

निजी संवाददाता—जालंधर

जालंधर के बस्ती शेख मौहल्ला चाय आम में रविवार रात को गुंडागर्दी का गंदा नाच देखने को मिला। जहां युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। मृतक बाइक पर गर्भवती पत्नी को दवाई दिलाने के लिए लेकर जा रहा था। रास्ते में कुछ लोगों ने उसे रोक लिया और तेजधार हथियारों से वार करने शुरू कर दिए। बदमाशों ने करीब 17 बार युवक के सिर, पीठ और पेट में वार किए। युवक की आंतें तक बाहर आ गईं। युवक की पत्नी ने छुड़ाने की बहुत कोशिश की, लेकिन बदमाश अपनी दरिंदगी दिखाते रहे। मृतक की पहचान बस्तियात के रहने वाले अंकित जंबा के रूप में हुई है। अंकित प्लास फैक्टरी का मालिक था। हत्या का आरोप आम आदमी पार्टी के वर्कर उनके साथियों पर लगा है।

इस मामले में थाना डिवीजन नंबर-5 की पुलिस ने आप वर्करों सहित छह के खिलाफ हत्या, हत्या की कोशिश सहित विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। जानकारी देते हुए मृतक के भाई मनी ने बताया कि उनका आरोपियों के साथ पुराना झगड़ा चल रहा है। इसी रंजिश पर उन पर हमला किया गया है। आरोपी मल्ली एरिया में नशा बिकवाता है, कुछ समय पहले अंकित जंबा का करण मल्ली और उसके साथियों से किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया था। इसके बाद आरोपियों ने अपने निहंग सिंह साथियों के साथ मिलकर उन पर हमला कर दिया था।

इस मामले को लेकर जंबा की ओर से हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कराया गया था। बाद में क्रॉस केस दर्ज हुआ, जिसमें जंबा दो साल की सजा काट कर बाहर आ गया था। पत्नी मनीषा ने कहा कि आरोपी कई दिनों से उसके पति से दुश्मनी निकालने की कोशिश में लगे हुए थे। इस संबंध में उन्होंने पहले ही पुलिस को सूचना दे दी थी, लेकिन पुलिस द्वारा उचित कार्रवाई नहीं की। लगभग पुरे पांच मिनट खूनी खेल चला। किसी ने भी हमारी कोई मदद नहीं की।