सनातन को गाली दे सत्ता हथियाना चाहती है कांग्रेस

पांवटा साहिब। पांवटा साहिब मंडल भाजपा पांवटा साहिब द्वरा पांवटा के रामलीला मैदान में पन्ना प्रमुख सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल ने की। सम्मेलन में पांवटा विधानसभा क्षेत्र के 104 पोलिंग बूथों के हजारो पन्ना प्रमुखों, भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारी ने भाग लिया।

सम्मेलन में प्रदेश अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल ने पन्ना प्रमुखों को चुनावी टिप्स दिए। साथ ही केंद्र की मोदी सरकार की 10 साल की जन कल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। इस दौरान राजीव बिंदल ने कहा कि जो कांग्रेस नहीं कर पाई, वह मोदी सरकार ने किया।

सम्मेलन में डा. बिंदल ने कहा कि मोदी सरकार गरीब कल्याण, महिला सम्मान, युवा उत्थान, किसान कल्याण, नारी शक्ति को मजबूत करने वाली सरकार है, जो कार्य कांग्रेस की सरकार 60 साल के शासन काल में नहीं कर पाई वह कार्य मोदी सरकार द्वारा 10 साल में किए गए है। उन्होंने कहा कि इंडी गठबंधन सनातन को गाली देकर सत्ता हथियाना चाहता है। कांग्रेस आज देश को फिर से विभाजन के द्वार पर खड़ा करने की कोशिश कर रही है। इस दौरान उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी सिर्फ झूठे वादों की राजनीति कर रही है।