पांच दिन के दौरे पर शिमला पहुंची राष्ट्रपति

द्रौपदी मुर्मू का कल्याणी हेलीपैड पर गवर्नर और मुख्यमंत्री ने किया स्वागत
कल धर्मशाला जाएंगी, परसों शिमला शहर में होंगे लोकल कार्यक्रम

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-शिमला

पांच दिन के आधिकारिक दौरे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शनिवार को शिमला पहुंच गईं। शिमला पहुंचने पर मशोबरा स्थित कल्याणी हेलीपैड पर राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल तथा मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने उनका स्वागत किया। राष्ट्रपति 8 मई तक हिमाचल प्रवास पर रहेंगी। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, राष्ट्रपति के दौरे के लिए मिनिस्टर-इन-वेटिंग स्वास्थ्य मंत्री डॉ. (कर्नल) धनीराम शांडिल, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना, पुलिस महानिदेशक डॉ. अतुल वर्मा, प्रधान सचिव सामान्य प्रशासन देवेश कुमार तथा प्रदेश सरकार एवं सेना के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।

राष्ट्रपति के साथ पिछले साल की तरह इस बार भी उनके परिवारजन भी आए हैं। द्रोपदी मुर्मू कल्याणी हेलीपैड के बाद सीधे राष्ट्रपति निवास द रिट्रीट में चली गई और कल रविवार को वाटर कैचमेंट एरिया सियोग का दौरा करेंगी। इसके बाद सोमवार को राष्ट्रपति का धर्मशाला जाने का कार्यक्रम है, जहां केंद्रीय विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह की अध्यक्षता वह करने वाली हैं। मंगलवार को शिमला शहर में करीब चार कार्यक्रम राष्ट्रपति के लिए होंगे। इसमें गेयटी थिएटर में होने वाले कार्यक्रम के अलावा वह माल रोड पर टहलेंगी और तारा देवी तथा संकट मोचन मंदिर का दौरा भी करेंगी।