निजी संवाददाता— चंडीगढ़
उत्तर प्रदेश के जनपद ललितपुर के बरखेरा निवासी सोहन सिंह यादव ने विश्व प्रसिद्ध एवरेस्ट पर्वत के बेस कैंप पर योग आसनों का प्रदर्शन कर अद्वितीय विश्व रिकॉर्ड बनाया। सोहन सिंह ने 13 सितंबर, 2024 को 5364 मीटर की ऊंचाई पर योग के तीन उन्नत आसनों सिरसासन, वृश्चिकासन और मयूरासन किए। इस अद्वितीय कार्य की आधिकारिक पुष्टि 14 अक्तूबर को हुई और इसे एशिया बुक ऑफ रिकॉड्र्स और इंडिया बुक ऑफ रिकॉड्र्स में दर्ज किया गया। सोहन की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर झांसी-ललितपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद अनुराग शर्मा ने सोशल मीडिया के माध्यम से उन्हें शुभकामनाएं दीं। सोहन सिंह यादव का जन्म उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिला के ब्लॉक बिरधा अंतर्गत ग्राम बरखेरा में 14 जून, 1975 को हुआ था। सोहन सिंह की लगन और प्रतिबद्धता ने उन्हें न केवल चीन में, बल्कि पूरी दुनिया में एक प्रतिष्ठित योग गुरु बना दिया है।
सोहन सिंह द्वारा एवरेस्ट के बेस कैंप पर योग प्रदर्शन कर विश्व रिकॉर्ड बनाना न केवल उनके लिए, बल्कि संपूर्ण बुंदेलखंड के लिए गर्व की बात है। सांसद अनुराग शर्मा का मानना है कि सोहन सिंह जैसे योग गुरु भारत के सांस्कृतिक और शारीरिक स्वास्थ्य के प्रतीक हैं और इन्हें हर स्तर पर प्रोत्साहन मिलना चाहिए। शर्मा जी के नेतृत्व में बैद्यनाथ परिवार ने सोहन के प्रयासों में सहयोग देकर देश-विदेश में योग को बढ़ावा देने के उनके प्रयासों को साकार करने में अपनी महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई है।