पंजाब-पंजाबियों के लिए मांगी खुशहाली, CM मान और केजरीवाल ने की अरदास

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने की अरदास

निजी संवाददाता—श्रीआनंदपुरसाहिब

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को संगत में शामिल होकर प्रदेश की तरक्की और पंजाबी भाइयों की खुशहाली के लिए अरदास की। दोनों नेताओं ने गुरुद्वारा बाबा बुढ़ा दल छावनी में श्रीगुरु तेग बहादुर जी और महान सिख शहीदों भाई मती दास जी, भाई सती दास जी और भाई दयाला जी के 350वें शहादत दिवस की याद में आयोजित श्रीअखंड पाठ साहिब के भोग समारोह के बाद की गई अरदास में हिस्सा लिया। वे शुक्राने के लिए पहुंची बड़ी संख्या में संगत के साथ शामिल हुए और सबकी भलाई के लिए अरदास की। दोनों नेताओं ने कहा कि श्रीगुरु तेग बहादुरजी के 350वें शहादत दिवस संबंधी आयोजनों के दौरान सेवा करने का अवसर मिलना उनके लिए बहुत गर्व की बात है। इस मौके पर मुख्यमंत्री और आप के राष्ट्रीय संयोजक ने कहा कि सिख धर्म ने दुनिया में बराबरी और धर्मनिरपेक्षता का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि श्रीगुरु ग्रंथ साहिब जी हरइनसान के लिए भाईचारे, धर्मनिरपेक्षता और समाजवाद का प्रकाश स्तंभ हैं।


अरविंद केजरीवाल और भगवंत सिंह मान ने कहा कि पंजाबियों को, खासकर सिखों को, महान सिख गुरुओं से कुर्बानी और बहादुरी का जज़्बा विरासत में मिला है, जिन्होंने अत्याचार, जुल्म और अन्याय के खिलाफ लडऩा सिखाया। मुख्यमंत्री और आप के राष्ट्रीय संयोजक ने कहा कि राज्य सरकार का यह फजऱ् है कि वह हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को आने वाली पीढिय़ों के लिए हमेशा सुरक्षित रखे। उन्होंने कहा कि दुनिया भर के लाखों-करोड़ों लोगों की इच्छा है कि श्रीगुरु तेग बहादुरजी का 350वां शहादत दिवस गुरु साहिब की सर्वोच्च कुर्बानी के अनुरूप बड़े स्तर पर मनाया जाए। अरविंद केजरीवाल और भगवंत सिंह मान ने कहा कि दुनियाभर के लाखों-करोड़ों लोगों की उम्मीदों के अनुसार राज्य सरकार ने आयोजनों को यादगार बनाने के लिए विनम्र प्रयास किए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार और पंजाब के लोग इस शानदार और पवित्र ऐतिहासिक अवसर के साक्षी बनकर स्वयं को अत्यंत भाग्यशाली मानते हैं।

प्रदूषण मुक्त पंजाब के लिए पौधारोपण अभियान शुरू

श्रीआनंदपुर साहिब। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने श्रीगुरु तेग बहादुरजी के 350वें शहीदी दिवस के अवसर पर मंगलवार को विरासत-ए- खालसा में प्रदेश सरकार के राज्य स्तरीय रक्तदान तथा पौधारोपण शिविरों की शुरुआत की। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पौधारोपण अभियान महान गुरु साहिबान को श्रद्धांजलि देने का सबसे उत्तम तरीका है, जिन्होंने पवन गुरु पानी पिता, माता धरति महत का शाश्वत संदेश दिया था। इस अभियान के तहत पर्यावरण की सुरक्षा के साथ-साथ पेड़ लगाकर पर्यावरण संतुलन सुनिश्चित किया जा सकेगा। मुख्यमंत्री ने लोगों तथा स्वास्थ्य विभाग के स्टाफ को अंगदान की शपथ भी दिलाई और सभी से इस नेक कार्य में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य नौवें गुरु साहिब जी द्वारा दिखाई गई निस्वार्थ भावना और उदारता के मूल्यों को प्रोत्साहित करना है। भगवंत सिंह मान ने उम्मीद जताई कि यह पहल रक्तदान और अंगदान के महत्व के बारे में जागरूकता पैदा करने के साथ.साथ लोगों को इस पुनीत कार्य के लिए आगे आने हेतु प्रेरित करेगी।