41 शैक्षणिक संस्थानों में नशे की तलाश, मुख्यमंत्री के आह्वान के बाद नशे के खिलाफ पुलिस ने छेड़ा विशेष अभियान

स्टाफ रिपोर्टर-शिमला

मुख्यमंत्री द्वारा 15 नवंबर को प्रारंभ की गई प्रदेशव्यापी एंटी-चिट्टा ड्राइव के अंतर्गत नशामुक्त हिमाचल के संकल्प को और अधिक सुदृढ़ करने हेतु हिमाचल प्रदेश पुलिस द्वारा मंगलवार को पूरे प्रदेश में शैक्षणिक संस्थानों में एंटी-ड्रग प्रवर्तन हेतु विशेष अभियान संचालित की गई। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य शैक्षणिक परिसरों, छात्रावासों एवं इनके आसपास के क्षेत्रों में नशा-मुक्त वातावरण सुनिश्चित करना तथा युवाओं को नशे की किसी भी चुनौती से सुरक्षित रखना था। अभियान के दौरान प्रदेश के सभी जिलों में शैक्षणिक संस्थानों के परिसरों में समकालिक तलाशी अभियान बुधवार सुबह सात से शाम चार बजे तक चलाया गया। यह तलाशी संस्थानों के प्रबंधन एवं कर्मचारियों की सक्रिय सहयोग से पारदर्शी और व्यवस्थित रूप से की गई।

छात्रावासों, आवासीय ब्लॉकों, पार्किंग स्थलों और उन स्थानों पर विशेष फोकस रखा गया जहां मादक पदार्थों के छिपाए जाने की आशंका रहती है। तलाशी अभियान का एक महत्वपूर्ण भाग छात्रावासों एवं अन्य आवासीय स्थलों में रहने वाले छात्रों/ इनमेट्स के मोबाइल फोनों की जांच रहा, ताकि नशे से संबंधित किसी भी डिजिटल संपर्क, लेन-देन या संदिग्ध सामग्री की पहचान की जा सके।


12 मामले दर्ज, 385 चालान

प्रदेश के सभी 12 जिलों के कुल 41 शैक्षणिक संस्थानों व 598 शैक्षणिक संस्थानों के आसपास स्थित दुकानों खोखों, विक्रेताओं में तलाशी की गई, जिनमें अनिमितताएं पाए जाने पर कुल 12 अभियोग पंजीकृत किए तथा 385 चालान किए गए। हिमाचल प्रदेश पुलिस नशे के खिलाफ अपनी शून्य-सहिष्णुता नीति पर दृढ़ता से कार्यरत है और यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि शैक्षणिक परिसर सुरक्षित, स्वच्छ और पूरी तरह नशामुक्त रहें।