दिव्य हिमाचल ब्यूरो— नई दिल्ली
सुप्रीम कोर्ट के पूर्व मुख्य न्यायाधीश जस्टिस बीआर गवई ने एक इंटरव्यू के दौरान कहा कि उनको ‘एंटी-हिंदू’ कहा जाना बिलकुल गलत था। उन्होंने साफ किया कि वह सरकार से कोई भी सेवानिवृत्ति के बाद की जिम्मेदारी नहीं लेंगे। हालांकि, राजनीति में आने से इनकार नहीं किया। मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट के पूर्व सीजेआई ने जूता फेंके जाने की घटना से लेकर हेट स्पीच, बुलडोजर जस्टिस, न्यायिक भ्रष्टाचार और राजनीति में जाने की संभावना तक, हर सवाल का स्पष्ट जवाब दिया। पूर्व जस्टिस गवई ने साक्षात्कार में अपने कार्यकाल के दौरान जूता फेंके जाने की घटना पर कहा, जूता हमले से मुझ पर कोई असर नहीं पड़ा… मैं नहीं जानता उस घटना के पीछे क्या मकसद था। साथ ही उन्होंने कहा कि उन्हें हिंदू विरोधी कहना पूरी तरह गलत था।
उन्होंने यह भी कहा कि उस घटना के बाद वह कोर्ट में अपनी टिप्पणियों को लेकर ज्यादा सतर्क हो गए हैं, क्योंकि निर्दोष बातों को भी सोशल मीडिया पर तोड़-मरोड़ कर पेश किया जा रहा था। उन्होंने कोर्ट की टिप्पणियों के सोशल मीडिया कवरेज पर नियमों की बात करते हुए कहा कि कोर्ट की टिप्पणियों के सोशल मीडिया कवरेज पर कुछ नियमन होने चाहिए। बीआर गवई ने संसद से अपील की कि हेट स्पीच को रोकने के लिए ठोस कानून बनाया जाए। उन्होंने कहा कि हेट स्पीच समाज को बांटती है, इसके खिलाफ सख्त और स्पष्ट कानून की जरूरत है। साक्षात्कार में जब उनसे रिटायरमेंट के बाद सरकारी पद स्वीकार करने से जुड़ा सवाल पूछा तो उन्होंने स्पष्ट करते हुए कहा कि वह रिटायरमेंट के बाद राज्यपाल या राज्यसभा का कोई नामांकन स्वीकार नहीं करेंग। हालांकि, उन्होंने राजनीति में जाने की संभावना से पूरी तरह इनकार नहीं किया।