नगर संवाददाता-ऊना
पीजी कालेज ऊना के एक विद्यार्थी की एमए इंग्लिश पेपर की दो उत्तर पुस्तिकाएं एचपीयू शिमला में पहुंचने के मामले में ऊना पुलिस ने पीजी कालेज ऊना के कुछ विद्यार्थियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने पीजी कालेज ऊना के प्रोफेसर पुनीत प्रेम कंवर की शिकायत पर उक्त कार्रवाई अमल में लाई है। इससे पहले विश्वविद्यालय ने इस मामले में कड़ा रुख अपनाते हुए उक्त विद्यार्थी का पेपर रद्द कर दिया है। अब उक्त युवक एक साल तक परीक्षा नहीं दे पाएगा। इसके अलावा मामले में कालेज का एक क्लर्क भी दोषी पाया गया है, जिस पर कार्रवाई करते हुए उसे अब किसी भी परीक्षा में शामिल नहीं किया जाएगा। जानकारी के अनुसार ऊना कालेज में जून माह में इस परीक्षा का आयोजन किया गया था, जिसे मूल्याकंन के लिए प्रदेश विश्वविद्यालय में भेजा गया था। अगस्त माह में उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन शुरु हुआ तो उक्त मामला प्रकाश में आया।
इसके बाद विश्वविद्यालय ने ऊना कालेज प्रशासन को भी अवगत करवाया था, जिस पर कालेज प्रशासन ने मामले की जांच के लिए तीन सदसीय कमेटी का गठन किया था। जांच में एक विद्यार्थी व कालेज के क्लर्क की संलिप्तता पाई गई। जिस पर विश्वविद्यालय ने कड़ा संज्ञान लिया उक्त कार्रवाई अमल में लाई है। विश्वविद्यालय ने इस गड़बड़ी में कालेज के क्लर्क की संलिप्तता को दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया। एसपी अमित यादव ने बताया कि पुलिस ने कालेज प्रोफेसर पुनीत प्रेम कंवर की शिकायत पर कुछ विद्यार्थियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की गहन तफ्तीश में जुट गई है।