स्टाफ रिपोर्टर — धर्मशाला
हिमाचल प्रदेश सरकार सतापक्ष ने विपक्ष को करारा जबाव देने की मंगलवार देर शाम होटल धौलाधार में रणनीति बना ली है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में धर्मशाला में शीतकालीन सत्र के दौरान विपक्ष के हर वार का जवाब देने की तैयारी की है। वहीं, विपक्ष की भी औपचारिक विधायक दल की बैठक मंगलवार शाम को नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के दिल्ली होने के चलते नहीं हो पाई है। अब उनकी बैठक विधानसभा में विपक्ष के बैठक हॉल में ही बुधवार सुबह जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित की जाएगी। हालांकि इससे पहले भी विपक्ष सरकार को घेरने संबंधी बैठक कर अपनी रणनीति बना चुका है। धर्मशाला के तपोवन में होने वाले विधानसभा के शीतकालीन सत्र के लिए देर शाम को दोनों दलों के विधायक धर्मशाला पहुंच गए। सतापक्ष की ओर से मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में विधायक दल की बैठक कर सत्र के लिए रणनीति बनाई गई। विपक्ष पहले ही विधानसभा के अंदर व बाहर सरकार को घेरने का ऐलान कर चुका है।
वहीं, विपक्ष 19 नवंबर को विधायक दल की बैठक पूर्व योजना के आधार पर कर चुका है, लेकिन नेता प्रतिपक्ष की अध्यक्षता में विपक्षी विधायक औपचारिक रूप से विधानसभा परिसर में ही सुबह नौ से साढ़े नौ बजे के करीब विपक्ष बैठक हाल में सत्र को लेकर बैठक करेंगे। शीतकालीन सत्र में जनता से जुड़े कई अहम मसलों पर चर्चा होती है। सदन में पक्ष-विपक्ष के बीच नोकझोंक के अलावा विधानसभा के बाहर भी विभिन्न संगठन प्रदर्शन कर सरकार को घेरने का प्रयास करते हैं। इसी कड़ी में बुधवार को किसान सभा और 28 नवंबर को प्रदेश भर के पेंशनर विधानसभा घेराव की चेतावनी दे चुके हैं, वहीं विपक्षी दल भाजपा चार दिसंबर को बड़ा प्रदर्शन कर प्रदेश सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलेगी।
शीतकालीन सत्र से पहले आज सुबह होगी सर्वदलीय बैठक
विधानसभा के शीतकालीन सत्र को सूचारू रूप से चलाने के लिए सुबह विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया की अध्यक्षता में सर्वदलीय बैठक आयोजित की जाएगी। इसमें दोनों ही पक्षों के नेता, संसदीय कार्यमंत्री शिरकत करते हुए सदन को सूचारू रूप से चलाने को लेकर सहमति बनाएंगे।