वरिष्ठ संवाददाता — शिमला
हर कोई विदेश जाकर मोटा पैसा कमाना चाहता है या ्घूमने का सपना पाले हुए है । यही चाहत हिमाचल के युवा भी पाले हुए हैं और विलायत जाकर अपनी ख्वाहिशों को पूरा करना चाहते हैं। यही वजह है कि हिमाचल के युवा अब पासपोर्ट बनाने के लिए धड़ाधड़ आवेदन कर रहे हैं। इसका उदाहरण पासपोर्ट केंद्रों से लिए गए आंकड़ों से पता चलता है। पिछले साल 11 महीनों में लगभग 47 हजार लोगों ने पासपोर्ट के लिए आवेदन किया है। जनवरी से नबंवर, 2025 तक विभाग के छह सेवा केंद्रों के जरिए 46542 लोगों ने पासपोर्ट के लिए आवेदन किया है। इस तरह ऐवरेज लगाएं तो हर दिन 250 से ज्यादा लोग पासपोर्ट के लिए आवेदन कर रहे हैं।
यही नहीं, पासपोर्ट रिन्यूअल व अन्य सेवाओं के लिए भी लोग कार्यालयों में पहुंच रहे है। हिमाचल प्रदेश में डाक विभाग अलग-अलग हिस्सों में छह पासपोर्ट सेवा केंद्र स्थापित किए हैं। इनमें पालमपुर, कांगड़ा, ऊना, हमीरपुर, मनाली और मंडी शामिल हैं, जबकि चंबा जिला में पासपोर्ट बनाने के लिए वैन के माध्यम से सेवा प्रदान की जाती है। आवेदनकर्ताओं में अधिकतर हिमाचली ही शामिल हैं। इन छह सेवा केंद्रों के माध्यम से जनवरी से मार्च, 2025 तक ही 10382 लोगों ने पासपोर्ट के लिए आवेदन किया, जबकि अप्रैल से नबंवर माह तक 36160 आवेदन इन केंद्रों में प्राप्त हुए हैं। यानी कि पिछले साल 11 महीनों में ही 46542 लोगों ने डाक विभाग के सेवा केंद्रों के माध्यम से पासपोर्ट की विभिन्न सेवाओं के लिए आवेदन किया। डाक विभाग का कहना है कि इन केंद्रों में नए और पुराने पासपोर्ट के लिए आवेदन, दस्तावेज सत्यापन, बायोमीट्रिक डेटा लेना समेत आवेदन की अन्य प्रक्रिया पूर्ण की जाती है।
हिमाचल में यहां बन रहे पासपोर्ट
हिमाचल प्रदेश डाक परिमंडल के मुख्य पोस्टमाटर जनरल संजय सिंह ने बताया कि मौजूदा समय में पालमपुर, कांगड़ा, ऊना, हमीरपुर, मनाली और मंडी जिला में डाक विभाग पोस्ट ऑफिस पासपोर्ट सेवा केंद्र संचालित कर रहा है। इसमें प्रतिदिन 250 से अधिक आवेदन आ रहे हैं। डाक विभाग के इन सेवा केंद्रों के माध्यम से पासपोर्ट बनवाने में भी लोगों को ज्यादा समय नहीं लग रहा है। जनवरी से नबंवर, 2025 तक इन सेवा केंद्रों के माध्यम से कुल 46542 लोगों ने पासपोर्ट सेवाओं हेतु आवेदन किया है।