मिडिल ईस्ट में युद्ध आठवें दिन और भयानक, माफी के बाद भी ईरान ने  दुबई एयरपोर्ट तक बरसाए ड्रोन

इजरायल के 80 लड़ाकू विमानों ने तेहरान और इस्फहान जैसे ठिकाने बनाए निशाना

एजेंसियां — तेहरान, वाशिंगटन

मिडल ईस्ट में जारी युद्ध आठवें दिन और भयानक हो गया। इजरायल ने शनिवार को ईरान पर बड़े पैमाने पर हवाई हमले किए। इजरायल ने ईरान के तेहरान और इस्फहान जैसे अहम ठिकानों पर बड़े पैमाने पर हवाई हमले किए, जबकि ईरान ने जवाब में खाड़ी देशों पर मिसाइल और ड्रोन हमले जारी रखे। दुबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास ड्रोन हमले के बाद कुछ समय के लिए उड़ानें रोकनी पड़ीं। इससे पहले ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने खाड़ी देशों पर हुए हमलों के लिए माफी भी मांगी थी। उन्होंने कहा कि ईरान का किसी भी पड़ोसी देश पर हमला करने का इरादा नहीं है और यदि इन देशों से ईरान पर हमले नहीं होते हैं तो तेहरान भी अपने हमले रोक देगा। रिपोट्र्स के मुताबिक करीब 80 लड़ाकू विमानों ने तेहरान और इस्फहान को निशाना बनाया, जहां ईरान के अहम परमाणु ठिकाने मौजूद हैं।

हमलों के दौरान ईरान के कई शहरों में जोरदार धमाके सुने गए। इस युद्ध में अब तक ईरान में 1332 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि खाड़ी देशों में भी करीब 10 लोगों के मारे जाने की खबर है। इस संघर्ष का असर वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति और मिडिल ईस्ट में हवाई यात्रा पर भी पड़ा है। दूसरी ओर ईरान ने खाड़ी देशों पर भी मिसाइल और ड्रोन हमले जारी रखे। शनिवार सुबह दुबई में कई धमाके सुने गए। दुबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर ड्रोन हमले के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय के लिए उड़ानों को रोकना पड़ा। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में हवाई अड्डे के पास बड़ा धुआं उठता दिखाई दिया। अलर्ट जारी होने के बाद हवाई अड्डे के भीतर मौजूद यात्री सुरक्षित जगहों की ओर भागते नजर आए। बाद में विमान सेवाओं को कुछ समय के लिए रोक दिया गया। दुबई प्रशासन ने बताया कि शहर के एयर डिफेंस सिस्टम को सक्रिय कर दिया गया था।

ट्रंप की धमकी, ईरान पर होगा भीषण हमला

वाशिंगटन। पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को लेकर अब तक की सबसे कड़ी चेतावनी दी है। ट्रंप ने साफ तौर पर कहा है कि ईरान पर बहुत जोरदार हमला होगा। उन्होंने ईरान को ‘पश्चिम एशिया का लूजर’ यानी हारा हुआ देश करार देते हुए कहा कि अब उसकी हेकड़ी खत्म हो चुकी है। ट्रंप का यह बयान ईरान के उस कदम के बाद आया है, जब उसने अपने पड़ोसी खाड़ी देशों से माफी मांगी है। अमरीकी राष्ट्रपति ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर पोस्ट लिखकर ईरान को बुरी तरह घेरा। 79 वर्षीय ट्रंप ने कहा कि ईरान अब पश्चिम एशिया में धौंस जमाने वाला देश नहीं रहा, बल्कि वह एक ‘हारा हुआ खिलाड़ी’ बन चुका है। ट्रंप के मुताबिक, ईरान की यह हालत अमरीका और इजरायल की लगातार सैन्य कार्रवाई की वजह से हुई है। उन्होंने दावा किया कि ईरान ने अपने पड़ोसियों के सामने घुटने सिर्फ इसलिए टेके हैं, क्योंकि उसे युद्ध में बुरी तरह पीटा गया है। रिपब्लिकन नेता ट्रंप ने अपने पोस्ट में लिखा कि हजारों सालों के इतिहास में यह पहली बार है जब ईरान अपने आसपास के मध्य-पूर्वी देशों से इस तरह हारा है। ट्रंप ने बैठक के बाद कहा कि अमेरिका अपने हथियारों का उत्पादन चार गुना तक बढ़ाएगा।