यूथ हॉस्टल डलहौजी में सजा नेचर स्टडी कैंप, खूब रही धूम
स्टाफ रिपोर्टर-डलहौजी
यूथ हास्टल एसोसिएशन आफ इंडिया की ओर से यूथ हास्टल डलहौजी में नेचर स्टडी कैंप का सफल आयोजन किया गया। इस शिविर में भोंसला मिलिट्री स्कूल नागपुर के 60 विद्यार्थियों ने भाग लिया, जबकि राजकोट गुजरात से 2 तथा औरंगाबाद महाराष्ट्र से 1 विद्यार्थी ने सहभागिता की। शिविर के दौरान विद्यार्थियों को प्रकृति अध्ययन, पर्यावरण संरक्षण एवं साहसिक गतिविधियों से जुडी विभिन्न जानकारियां प्रदान की गईं।
कार्यक्रम में डीएसपी डलहौजी मयंक शर्मा ने मुख्यातिथि के तौर पर उपस्थिति दर्ज करवाई। उन्होंने शिविर में हिस्सा लेने वाले प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे शिविर युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय योगदान देने का आहवान किया। इस अवसर पर देवेंद्र शर्मा ने मुख्यातिथि का स्वागत किया, जबकि वीर वैभव मिश्रा ने उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम के अंत में कुणाल जोशी ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत करते हुए सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं आयोजकों का आभार व्यक्त किया।