Himachal Panchayat Elections : 1293 पंचायतों में आज से इस डेट तक शराब की दुकानें बंद

हिमाचल में पंचायत चुनाव के पहले चरण के कारण 26 मई तक ड्राई-डे

कार्यालय संवाददाता-शिमला

हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनाव के पहले चरण को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है। चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न करवाने के लिए प्रदेश की 1293 पंचायतों में रविवार से 26 मई तक ड्राई डे घोषित किया गया है। इस दौरान शराब की बिक्री और वितरण पूरी तरह बंद रहेगा। प्रशासन की ओर से जारी आदेशों के अनुसार जिन पंचायत क्षेत्रों में मतदान होना है, वहां चुनाव खत्म होने तक शराब के ठेके बंद रहेंगे।

नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है। पहले चरण के चुनाव के चलते जिन स्कूलों में मतदान केंद्र बनाए गए हैं या जो पंचायत क्षेत्र चुनाव के दायरे में आते हैं, वहां छुट्टी घोषित की गई है। प्रशासन का कहना है कि मतदान प्रक्रिया के दौरान स्कूल परिसरों का इस्तेमाल चुनावी कार्यों के लिए किया जाएगा, इसलिए विद्यार्थियों और स्टाफ की सुरक्षा तथा व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह फैसला लिया है।

लाउडस्पीकर से प्रचार पर रोक

चुनाव प्रचार के अंतिम दौर को देखते हुए प्रशासन ने लाउडस्पीकर से प्रचार करने पर भी ब्रेक लगा दिया है। तय समय सीमा के बाद कोई भी उम्मीदवार या समर्थक लाउडस्पीकर, डीजे या अन्य तेज आवाज वाले प्रचार साधनों का इस्तेमाल नहीं कर सकेगा। इसका उद्देश्य मतदान से पहले शांत माहौल बनाए रखना है, ताकि मतदाता बिना किसी दबाव के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।

अधिकारियों की लोगों से सहयोग की अपील

चुनाव अधिकारियों ने लोगों से प्रशासन के निर्देशों का पालन करने और शांतिपूर्ण चुनाव कराने में सहयोग देने की अपील की है। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस और प्रशासनिक टीमें लगातार निगरानी बनाए हुए हैं।