जेएसी दिल्ली काउंसिलिंग चार राउंड में, जेईई मेन्स स्कोर से दाखिला

दिव्य हिमाचल ब्यूरो— नई दिल्ली

दिल्ली में तकनीकी शिक्षा प्राप्त करने के इच्छुक विद्यार्थियों के लिए संयुक्त प्रवेश परामर्श समिति (जेएसी) दिल्ली-2026 ने बीटेक और बीआर्क पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। दिल्ली सरकार के अधीन संचालित प्रमुख तकनीकी विश्वविद्यालयों और संस्थानों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए अभ्यर्थियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। अभ्यर्थी नौ जून तक ऑनलाइन पंजीकरण, शुल्क भुगतान और विकल्प भरने की प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे। इस वर्ष प्रवेश प्रक्रिया के तहत नेताजी सुभाष प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, दिल्ली प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, इंदिरा गांधी दिल्ली तकनीकी विश्वविद्यालय फॉर वूमेन, इंद्रप्रस्थ सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान और दिल्ली कौशल एवं उद्यमिता विश्वविद्यालय में प्रवेश दिए जाएंगे। Website पर जाकर अभ्यर्थी नामांकन कर सकते हैं। पांचों संस्थान दिल्ली सरकार के अधीन हैं, इसलिए यहां पर दाखिला के लिए 85 फीसदी सीटें दिल्ली के छात्रों के लिए आरक्षित हैं, जबकि 15 फीसदी सीटें दिल्ली के बाहर के छात्रों के लिए आरक्षित हैं। एडमिशन के चार राउंड पर दाखिला होगा। सीटें बचने पर आगे काउंसिलिंग रखी जाएगी। जेईई पेपर-1 के स्कोर पर बीटेक और जेईई पेपर-2 के स्कोर पर बीआर्क में दाखिले होंगे। पहले राउंड के लिए मिड जून में सीटें अलॉट होंगी।

सीटें— 7855 सीटों पर दाखिला होगा, जिसमें 90 सीटें बैचलर्स इन आर्किटेक्चर के लिए होंगी।

फीस— आवेदन के लिए 1500 रुपए शुल्क निर्धारित किया गया है। यह शुल्क केवल ऑनलाइन माध्यमों जैसे डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड, नेट बैंकिंग, यूपीआई और अन्य डिजिटल भुगतान माध्यमों से जमा किया जा सकेगा। अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी मेल कर सकते हैं।

योग्यता— आईआईआईटी दिल्ली के लिए 12वीं कक्षा में 70 फीसदी माक्र्स चाहिए। पांच विषयों (जिसमें फिजिक्स, केमिस्ट्री, मैथ्स शामिल हैं) में कुल मिलाकर 70 फीसदी अंक और सीबीएसई बोर्ड या उसके समकक्ष बोर्ड से कक्षा 12वीं मैथ्स में 70 फीसदी अंक।