स्टाफ रिपोर्टर — धर्मशाला
हिमाचल प्रदेश तकनीकी शिक्षा बोर्ड द्वारा आयोजित पॉलिटेक्निक एडमिशन टेस्ट (पीएटी) 2026 रविवार को प्रदेशभर में शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। परीक्षा का आयोजन राज्य के विभिन्न जिलों में स्थापित 36 परीक्षा केंद्रों में किया गया, जहां हजारों अभ्यर्थियों ने तकनीकी शिक्षा संस्थानों में प्रवेश के लिए परीक्षा दी। जानकारी के अनुसार पीएटी के लिए कुल 5,231 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। इनमें से 4,676 उम्मीदवार परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 555 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इस प्रकार परीक्षा में कुल उपस्थिति प्रतिशत 89.39 दर्ज किया गया।
बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों की भागीदारी के चलते परीक्षा केंद्रों में सुबह से ही परीक्षार्थियों की आवाजाही बनी रही। तकनीकी शिक्षा बोर्ड द्वारा आयोजित यह प्रवेश परीक्षा प्रदेश के सरकारी और निजी पॉलिटेक्निक संस्थानों में विभिन्न डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए महत्त्वपूर्ण मानी जाती है। परीक्षा के शांतिपूर्ण संचालन के साथ अब अभ्यर्थियों की नजरें आगामी प्रवेश प्रक्रिया और परिणाम से जुड़े अगले चरणों पर रहेंगी। तकनीकी शिक्षा क्षेत्र में प्रवेश लेने के इच्छुक विद्यार्थियों के लिए पीएटी प्रदेश की प्रमुख प्रवेश परीक्षाओं में से एक मानी जाती है।