निजी संवाददाता-जालंधर
जालंधर के प्रसिद्ध शक्तिपीठ देवी तालाब और त्रिपुरमालिनी मंदिर को गुरुवार सुबह बम से उड़ाने की धमकी मिली। धमकी भरा ई-मेल मिलने के बाद मंदिर प्रबंधन ने पुलिस को सूचित किया। 51वां शक्तिपीठ त्रिपुरमालिनी मंदिर होने के चलते देवी तालाब मंदिर में देश-विदेश से बड़ी संख्या में हर रोज श्रद्धालु दर्शन करने आते हैं। वहीं बम की सूचना पाकर स्निफर डॉग के साथ पुलिस मंदिर परिसर में पहुंची। जिसके बाद पुलिस ने डॉस की मदद से मंदिर के चप्पे चप्पे की गहनता से तलाशी ली। हालांकि मंदिर से पुलिस को तलाशी के दौरान कोई भी संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई। यह ईमेल खालिस्तान नेशनल आर्मी के नाम से भेजी गई है, जिसमें ईमेल भेजने वाले ने पंजाब सचिवालय को दोपहर 1 बजकर 11 मिनट से 3 बजकर 11 मिनट के बीच निशाना बनाने की बात कही गई है।
मेल में धमकी भेजने वाले ने 5, 6 जून को अंबाला और दिल्ली मार्ग पर यात्रा न करने की चेतावनी दी। ई-मेल में 6 जून 1984 को अमृतसर के दरबार साहिब पर हुए सैनिक हमले का बदला लेने के चलते अमृतसर के दुर्गियाना मंदिर, पठानकोट के मुक्तेश्वर मंदिर, जालंधर के देवी तालाब मंदिर, बठिंडा के माइसरखाना मंदिर और पटियाला के काली देवी मंदिर को बम धमाकों से उड़ाने की खुलेआम धमकी दी गई है। जालंधर में हफ्ते के अंदर ये दूसरी धमकी है। इससे पहले जालंधर के जिला कोर्ट कॉम्प्लेक्स को बम की धमकी दी गई थी, लेकिन पूरे कोर्ट परिसर को खंगालने के बाद पुलिस को कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला।