एक और NEET अभ्यर्थी ने गले लगाई मौत, मां के लिए छोड़े वीडियो संदेश में मानसिक तनाव का जिक्र

हिंगोली। महाराष्ट्र के हिंगोली जिले में नीट-यूजी परीक्षा की तैयारी कर रहे 18 वर्षीय छात्र ने कथित रूप से आत्महत्या कर ली। छात्र ने यह कदम उठाने से पहले अपनी मां के नाम एक भावुक वीडियो संदेश भी रिकॉर्ड किया। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान सुशील धागे के रूप में हुई है। उसने प्रश्नपत्र लीक के आरोपों के बाद रद्द की गई तीन मई की नीट-यूजी परीक्षा के स्थान पर 21 जून को आयोजित पुनर्परीक्षा में हिस्सा लिया था।

पुलिस ने बताया कि आत्महत्या से पहले सुशील ने मोबाइल फोन पर एक संक्षिप्त वीडियो रिकॉर्ड किया, जिसमें उसने अपनी मां से माफी मांगी और मानसिक तनाव का जिक्र किया। बाद में यह वीडियो परिवार के सदस्यों को मिला। परिजनों ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि पुनर्परीक्षा कठिन होने के कारण सुशील काफी तनाव में था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उल्लेखनीय है कि इस वर्ष नीट-यूजी परीक्षा प्रश्नपत्र लीक के आरोपों के बाद विवादों में रही। इसके बाद तीन मई को आयोजित परीक्षा रद्द कर दी गयी थी और केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की जांच के बाद 21 जून को पुनर्परीक्षा करायी गयी।