पांवटा साहिब में शनिवार देर रात नो एंट्री तोड़ते टिप्पर को रोकने पर बवाल, घंटों जाम से एनएच ठप

 बीजेपी युवा मोर्चा अध्यक्ष पर चढ़ाने की कोशिश

पांवटा साहिब – पांवटा साहिब में शनिवार देर शाम नो एंट्री समय के उल्लंघन को लेकर लोगों का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा। शहर में रात 10 बजे से पहले बड़े टिप्पर घुसने पर स्थानीय लोगों ने नेशनल हाईवे जाम कर दिया। हंगामा उस वक्त चरम पर पहुंच गया जब बीजेपी युवा मोर्चा अध्यक्ष संयम गुप्ता ने एक टिप्पर को रोकने की कोशिश की और चालक ने कथित रूप से गाड़ी उन पर चढ़ाने का प्रयास किया।

विश्वकर्मा चौक से बाता पुल तक लगा लंबा जाम

लोगों का कहना था कि तय समय से पहले भारी वाहनों के शहर में आने से दुर्घटना का खतरा बढ़ रहा है और बार शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं हो रही। संयम गुप्ता द्वारा टिप्पर रोकने पर चालक ने रफ्तार नहीं घटाई और आगे बढ़ने की कोशिश की। इससे नाराज लोगों ने तुरंत विश्वकर्मा चौक पर सड़क रोक दी और देखते ही देखते जाम बाता पुल तक पहुंच गया। दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यात्री फंसे रहे।

लोगों में भारी रोष, कार्रवाई की मांग

प्रदर्शन कर रहे लोगों ने कहा कि नो एंट्री नियमों की लगातार अनदेखी हो रही है और पुलिस प्रशासन मौन है। संयम गुप्ता ने कहा कि अगर टिप्पर चालकों पर लगाम नहीं कसी गई तो किसी दिन बड़ा हादसा हो जाएगा। भीड़ ने एक स्वर में मांग की कि पहले टिप्पर चालक को पकड़ा जाए और उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई हो, तभी जाम खोला जाएगा।

डीएसपी के आश्वासन के बाद खुला रास्ता

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन लोग मानने को तैयार नहीं थे। स्थिति को देखते हुए डीएसपी पांवटा मानवेन्द्र ठाकुर स्वयं मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शनकारियों से बातचीत की और टिप्पर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई करने का लिखित आश्वासन दिया। इसके बाद लोगों ने जाम खोला और यातायात बहाल हुआ।

पुलिस ने कहा कि नो एंट्री नियमों के उल्लंघन पर आगे भी सख्ती बरती जाएगी और शहर में भारी वाहनों की निगरानी बढ़ाई जाएगी।