निजी संवाददाता-सोलन
हिमाचल प्रदेश में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में एक एहम कदम उठाते हुए हिमाचल पथ परिवहन के बेड़े में शामिल होने जा रही 80 नई इलेक्ट्रिक बसें सोलन पहुंच गई हैं। इन बसों का निरीक्षण मंगलवार देर शाम को प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि आमजन को बेहतर, सुरक्षित और सुविधाजनक परिवहन सेवाएं उपलब्ध करवाना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है और हरित परिवहन को बढ़ावा देने के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है। निरीक्षण के दौरान उपमुख्यमंत्री ने बसों की विशेषताओं और उनकी तकनीकी व्यवस्था का जायजा लिया। प्रदेश सरकार एचआरटीसी को और अधिक मजबूत बनाने के लिए 297 इलेक्ट्रिक तथा 250 डीजल बसें खरीद रही है। डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि नई इलेक्ट्रिक बसों को यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है।
प्रत्येक बस में 32 आरामदायक सीटों की व्यवस्था है तथा यात्रियों के सामान रखने के लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध करवाया गया है। इस अवसर पर हिमफेड के अध्यक्ष महेश्वर सिंह चौहान, कर्नल संजय शांडिल, सुरेंद्र सेठी, रमेश ठाकुर, शोभित बैहल, मंडलीय प्रबंधक डीएस नेगी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राज कुमार चंदेल, अधीक्षण अभियंता संजीव सोनी, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी कविता ठाकुर व क्षेत्रीय प्रबंधक सुरेंद्र राजपूत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।