निहंगों की चेतावनी के बाद उत्तराखंड में हाई अलर्ट, सीमाओं पर बढ़ाई गई सुरक्षा

टिहरी। निहंग सिखों द्वारा उत्तराखंड आने की चेतावनी के बाद राज्य पुलिस ने गुरुवार को सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। चारधाम यात्रा और हेमकुंड साहिब यात्रा को सुरक्षित एवं निर्बाध बनाए रखने के लिए प्रदेशभर में हाई अलर्ट जारी किया गया है। संवेदनशील सीमावर्ती क्षेत्रों, प्रमुख चौराहों और धार्मिक स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश को जोड़ने वाले कुल्हाल बॉर्डर पर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है। यहां आने-जाने वाले वाहनों की गहन जांच की जा रही है तथा संदिग्ध व्यक्तियों पर विशेष नजर रखी जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात किया गया है।

ऋषिकेश में नटराज चौक और हेमकुंड गुरुद्वारे के आसपास भी पुलिस की विशेष निगरानी जारी है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी स्वयं मौके पर मौजूद रहकर चेकिंग अभियान की निगरानी कर रहे हैं। यात्रियों और वाहनों की नियमित जांच के साथ सुरक्षा व्यवस्था की लगातार समीक्षा की जा रही है। वहीं टिहरी जनपद के मुनिकीरेती थाना क्षेत्र में भी कई स्थानों पर बैरिकेडिंग कर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। क्षेत्राधिकारी और अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर तैनात रहकर सुरक्षा प्रबंधों का जायजा ले रहे हैं। पुलिस द्वारा चारधाम यात्रा मार्गों पर भी निगरानी बढ़ा दी गई है।

देहरादून और टिहरी के पुलिस कप्तानों ने कहा है कि चारधाम एवं हेमकुंड साहिब यात्रा को सुरक्षित और सुचारु रूप से संचालित रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। निहंगों की चेतावनी के मद्देनजर सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं और प्रदेश में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। पुलिस ने आम जनता से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।