वाशिंगटन। अमरीका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने कहा है कि स्विट्जरलैंड में ईरान के साथ हुई वार्ता की सबसे बड़ी उपलब्धि ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉप्र्स (आईआरजीसी) और अमेरिकी सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) के बीच प्रत्यक्ष सैन्य संवाद तंत्र स्थापित करने पर सैद्धांतिक सहमति है। श्री वेंस ने कहा कि प्रस्तावित तंत्र के तहत कतर के दोहा में आईआरजीसी और सेंटकॉम के प्रतिनिधि भविष्य में सैन्य तनाव और विवादों को कम करने के लिए सीधे संपर्क में रहेंगे।
उन्होंने कहा कि बर्गेनस्टॉक वार्ता में यह व्यवस्था होरमुज जलडमरूमध्य में नौवहन की सुरक्षा और ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर जारी वार्ता जैसे विश्वास बहाली उपायों का पूरक होगी। श्री वेंस ने कहा कि स्विट्जरलैंड में हुआ समझौता अंतिम नहीं बल्कि व्यापक समझौते की दिशा में एक प्रारंभिक रूपरेखा है, जिसका उद्देश्य तनाव कम करना और परमाणु समझौते का रास्ता तैयार करना है।