एजेंसियां— तेहरान
पश्चिम एशिया में जारी जंग अब सुलझने की राह पर है, लेकिन इससे पहले लगातार वाद-विवाद हो रहा है। अमरीका और ईरान की तरफ से लगातार इस डील को लेकर बयान जारी किए जा रहे हैं। इसी बीच शनिवार को पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने दावा किया था कि अगले 24 घंटे में ‘इस्लामाबाद मेमोरेंडम’ पर हस्ताक्षर हो सकते हैं। पाकिस्तानी प्रधानमंत्री के बयान के कुछ ही देर बाद ईरानी विदेश मंत्रालय ने उनके बयान को खारिज कर दिया। इस्लामिक देश ने कहा कि आने वाले दिनों में डील होने की संभावना है, लेकिन यह 24 घंटे के अंदर नहीं होगी। रिपोर्ट के मुताबिक, ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बाघेई ने शनिवार को इस बात की पुष्टि की कि अमरीका के साथ जल्दी ही शांति समझौता हो सकता है। हालांकि, उन्होंने कहा कि इस्लामाबाद मेमोरेंडम पर रविवार को कोई फैसला नहीं लिया जाएगा।
ईरानी सरकारी मीडिया के मुताबिक बघाई ने कहा कि दोनों देशों के बीच में लगातार वार्ता हो रही है लेकिन अभी तक कोई समय सीमा तय नहीं हुई है। इतना ही नहीं बघाई ने सभी पक्षों को इस डील की सफलता को लेकर भविष्यवाणी करने वाली मीडिया रिपोट्र्स को भी चेतावनी दी। उन्होंने कहा, हम यह कह सकते हैं कि दोनों देश जल्दी ही समझौते की तरफ बढ़ सकते हैं, लेकिन हस्ताक्षर कब होंगे इसकी कोई समय सीमा निश्चित नहीं है। वहीं अमरीका के साथ युद्ध के अपने दशकों पुराने डर का सामना कर चुका ईरान अब किसी भी हालत में ट्रंप के सामने झुकने को तैयार नहीं है। ईरानी सांसद और अमरीका के साथ बातचीत में मुख्य भूमिका निभा रहे मोहम्मद बगैहर गालिबाफ ने कहा है कि अमरीका और इजरायल लगातार आम नागरिकों को निशाना बना रहे हैं। ईरान अपनी जनता और देश के लिए आखिरी जीत तक खड़ा रहेगा। वहीं दूसरी ओर राष्ट्रपति ट्रंप ने होर्मुज स्ट्रेट से शांतिपूर्वक निकल रहे भारतीय कू्र वाले जहाजों को निशाना बनाने के लिए किए गए ड्रोन हमले को पूरी तरह से अस्वीकार्य बताया है।
अराघची बोले, अमरीका से समझौता बेहद करीब
ईरान के विदेश मंत्री अराघची ने भी एक पोस्ट की। उन्होंने कहा कि इस्लामाबाद एमओयू यानी समझौते का दस्तावेज पहले से कहीं ज्यादा करीब है, लेकिन उन्होंने यह भी कहा कि जब तक यह अंतिम रूप नहीं ले लेता, मीडिया को अनुमान लगाने से बचना चाहिए। जब सब कुछ तय हो जाएगा, तो सारी जानकारी खुद-ब-खुद सामने आ जाएगी।
अमरीकी राष्ट्रपति ट्रंप ने शेयर की पोस्ट
राष्ट्रपति ट्रंप ने ईरान के विदेश मंत्री की पोस्ट को अपने सोशल मीडिया पर शेयर किया, लेकिन उन्होंने कोई टिप्पणी नहीं की। न कुछ लिखा, न कुछ बोला, सिर्फ शेयर किया। व्हाइट हाउस की तरफ से भी कोई आधिकारिक बयान नहीं आया।
इलेक्टॉनिक हस्ताक्षर की तैयारी, अगले हफ्ते से नए स्तर की वार्ता
अमरीका और ईरान के बीच शांति समझौता करवा कर नेता बनने की कोशिश कर रहे पाकिस्तानी प्रधानमंत्री ने शनिवार को 24 घंटे के अंदर डील होने का दावा किया था। उन्होंने सोशल मीडिया साइट एक्स पर लिखा कि हम शांति समझौता करवाने के बेहद करीब है। अगले 24 घंटे में सारी बातें होकर इस पर हस्ताक्षर हो सकते हैं। पाकिस्तान इलेक्ट्रानिक हस्ताक्षर की तैयारी कर रहा है। इसके बाद अगले हफ्ते से नए स्तर की वार्ता होंगी। इसके साथ ही पाकिस्तान प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और ईरान के नेताओं का धन्यवाद भी कर दिया था। हालांकि अब ईरान ने शहबाज शरीफ के दावे की हवा निकाल दी है।