पतरैनी चक्र सडक़ बहाल, लोगों को मिली राहत

वाहनों की आवाजाही शुरू, सडक़ पर यातायात बहाल होने से लोगों और पर्यटकों ने ली राहत की सांस

स्टाफ रिपोर्टर-डलहौजी
नगर परिषद ने शहर के पतरैनी-चक्र सडक़ के भूस्ख्लन से क्षतिग्रस्त हिस्से को दुरूस्त कर दोबारा यातायात के लिए बहाल कर दिया है। इस मार्ग के यातायात हेतु खुलने से स्थानीय लोगों के साथ पर्यटकों ने राहत की सांस ली है। बताते चलें कि पिछले दिनों सडक का एक हिस्सा भूस्खलन की चपेट में आने से ध्वस्त हो गया था। इस कारण जिसके मार्ग पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बाधित हो गई थी। मार्ग अवरुद्ध होने से स्थानीय लोगों के साथ-साथ क्षेत्र में आने वाले पर्यटकों को भी भारी असुविधाओं का सामना करना पड रहा था। नगर परिषद ने लोगों व पर्यटकों की दिक्कतों को देखते हुए ठेकेदार के माध्यम से क्षतिग्रस्त हिस्से पर डंगे का निर्माण कार्य युद्धस्तर पर आरंभ करवाया था। अब सडक़ मार्ग के सुरक्षित होने और आवश्यक सुरक्षात्मक कार्य पूरे होने के बाद इन विकास परियोजनाओं पर भी जल्द ही कार्य दोबारा आरंभ कर दिया जाएगा। इन सुविधाओं के विकसित होने से न केवल स्थानीय लोगों को लाभ मिलेगा बल्कि डलहौजी आने वाले पर्यटकों को भी आधुनिक मनोरंजन और सुविधाओं का लाभ प्राप्त होगा। नगर परिषद तथा संबंधित विभाग इन परियोजनाओं को शीघ्र पूरा करने के लिए समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं।

वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी राखी कौशल ने किया निरीक्षण

गुरुवार को नगर परिषद डलहौजी की वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी राखी कौशल ने कनिष्ठ अभियंता संजीव शर्मा संग मौके का निरीक्षण कर कार्य का जायजा लिया। राखी कौशल ने बताया कि जनहित को प्राथमिकता देते हुए सडक बहाली का कार्य युद्धस्तर पर पूरा किया गया है। उन्होंने बताया कि इस क्षतिग्रस्त सडक के साथ प्रदेश सरकार की एक महत्वाकांक्षी परियोजना का हिस्सा है। इसके अंतर्गत पार्किंग, आईस स्केटिंग रिंक, जिम तथा पीवीआर जैसी आधुनिक सुविधाओं का विकास भी किया जा रहा है। हालांकि लगभग 70 फुट ऊंचे हिस्से में हुए भूस्खलन के कारण इन कार्यों की प्रगति प्रभावित हुई थी।