पार्टी नेताओं और हाईकमान के खिलाफ बयानबाजी बर्दाश्त नहीं

कांग्रेस का पार्टी कार्यकर्ताओं को संदेश

वरिष्ठ संवाददाता — शिमला

हिमाचल कांग्रेस में अनुशासन को बनाए रखने के लिए पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने साफ संदेश दिया है। पार्टी ने स्पष्ट किया है कि पार्टी नेताओं के खिलाफ बयानबाजी और अनुशासनहीनता को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसा करने वालों के खिलाफ पार्टी नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी। वहीं, प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू और केंद्रीय हाईकमान पर लगाए आरोपों पर भी जवाब देते हुए इन्हें तथ्यों के विपरीत बताया है।

प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में मंगलवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में पीसीसी के संगठन महासचिव विनोद जिंटा ने कहा कि पिछले कुछ दिनों से मीडिया, सोशल मीडिया में पार्टी के एक पूर्व पदाधिकारी द्वारा मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू व केंद्रीय आलाकमान पर जो आरोप लगाए गए हैं, वे पूरी तरह बेबुनियाद व तथ्यों से परे हैं। इनमें तनिक भी सच्चाई नहीं है। उन्होंने कहा कि यह केवल मुख्यमंत्री की छवि को धूमिल करने व प्रदेश सरकार को बदनाम करने की साजिश है। विनोद जिंटा ने कहा कि पार्टी के भीतर किसी भी अनुशासहीनता के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों से आह्वान किया कि अगर किसी को भी किसी से कोई शिकायत है, तो उन्हें मीडिया या सोशल मीडिया में न जाकर पार्टी के उचित प्लेटफार्म पर अपनी बात रखनी चाहिए।