वरिष्ठ संवाददाता-शिमला
हिमाचल में बिजली बोर्ड के तकनीकी कर्मचारियों की प्रमोशन का दौर मंगलवार से आरंभ हो गया है। इस कड़ी में बोर्ड के कांगड़ा जोन और सोलन सर्किल ने जारी आदेशों के तहत 101 कर्मचारियों को प्रोमोशन का तोहफा बिजली बोर्ड ने दिया है। इससे अब तीन माह से पदोन्नति की आस में बैठे तकनीकी कर्मचारियों के लिए अब बड़ी राहत मिलने वाली है। बहरहाल कांगड़ा जोन के 25 लाइनमैन को पदोन्नत कर फोरमैन (लाइन) बनाया गया है। वहीं सोलन सर्किल ने भी मंगलवार को प्रोमोशन आदेश जारी करते हुए 76 सहायक लाइनमैन को लाइनमैन के पद पर प्रोमोशन दे दी है। लिहाजा शेष कर्मचारियों की प्रोमोशन लिस्ट भी आ जाएगी। बोर्ड प्रबंधन ने क्लास-तीन विभागीय पदोन्नति समिति (डीपीसी) की सिफारिश के आधार पर इन कर्मचारियों को पदोन्नत किया गया है। पदोन्नति मिलने के साथ ही कुछ को अन्य जगह भी तैनाती दी गई है।
पदोन्नति का लाभ संबंधित कर्मचारी के फोरमैन (लाइन) और लाइनमैन का कार्यभार संभालने की तिथि से मिलेगा। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि जिन कर्मचारियों का स्थान परिवर्तन हुआ है, उन्हें नियमानुसार यात्रा भत्ता (टीटीए) और ज्वाइनिंग समय की सुविधा मिलेगी, लेकिन ज्वाइनिंग अवधि बढ़ाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। बिजली बोर्ड तकनीकी कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष रणवीर सिंह ठाकुर और महासचिव सीएल शर्मा ने तकनीकी कर्मचारियों की प्रोमोशन आदेश जारी करने पर सरकार और बोर्ड प्रबंधन का आभार जताया है।
पांच दिन के भीतर ज्वाइन करने के आदेश
बोर्ड प्रबंधन ने पदोन्नति कर्मचारियों को आदेश जारी होने के पांच दिन के भीतर नए पद पर कार्यभार संभालने को कहा है। प्रदेश भर में फील्ड तकनीकी स्टॉफ के 140 के करीब कर्मचारियों की प्रोमोशन होनी है।