स्वास्थ्य संस्थानों में भर्ती होंगे 105, ओटीए-रेडियोग्राफर और प्रयोगशाला तकनीशियन को मांगे आवेदन

ओटीए-रेडियोग्राफर और प्रयोगशाला तकनीशियन को मांगे आवेदन, जॉब ट्रेनी के रूप में होगी नियुक्ति

कार्यालय संवाददाता — शिमला

राज्य चयन आयोग ने प्रदेश के स्वास्थ्य संस्थानों में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने के उद्देश्य से चिकित्सा क्षेत्र में विभिन्न वर्गों के 105 अतिरिक्त पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। इन पदों में आपरेशन थियेटर असिस्टेंट के 60 पद, रेडियोग्राफर के 30 पद तथा वरिष्ठ प्रयोगशाला तकनीशियन एमएलटी ग्रेड-2 के 15 पद शामिल हैं। इन सभी पदों पर भर्ती जॉब ट्रेनी आधार पर की जाएगी। ये 105 पद आयोग द्वारा पूर्व में विज्ञापन संख्या 04/2026, दिनांक 28 फरवरी, 2026 के माध्यम से विज्ञापित 196 पदों के अतिरिक्त हैं। पहले जारी विज्ञापन में आपरेशन थियेटर असिस्टेंट पोस्ट कोड-26008 के 176 पद, वरिष्ठ प्रयोगशाला तकनीशियन एमएलटी ग्रेड-2 पोस्ट कोड-26012 के 10 पद तथा रेडियोग्राफर पोस्ट कोड-26009 के 10 पद शामिल थे। इसके बाद 30 मार्च, 2026 को इस विज्ञापन में विभिन्न श्रेणियों के 18 अतिरिक्त पद भी जोड़े गए थे। इन अतिरिक्त पदों को 28 फरवरी, 2026 के मूल विज्ञापन तथा 30 मार्च, 2026 को जारी परिशिष्ट के साथ सम्मिलित किया जाएगा।

इसी के मद्देनजर आयोग ने तीनों पोस्ट कोड के लिए ऑनलाइन आवेदन पोर्टल को 11 जुलाई से 25 जुलाई, 2026 तक पुन: खोल दिया है। अभ्यर्थी 25 जुलाई, 2026 की रात 11.59 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इच्छुक अभ्यर्थी राज्य चयन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। आयोग ने स्पष्ट किया है कि जिन अभ्यर्थियों ने विज्ञापन संख्या 04/2026 दिनांक 28 फरवरी, 2026 अथवा 30 मार्च, 2026 के परिशिष्ट के तहत पहले ही आवेदन कर दिया है, उन्हें दोबारा आवेदन करने की आवश्यकता नहीं है।

नजदीक के स्कूलों में मिले तैनाती

शिमला। हिमाचल प्रदेश में सीबीएसई विद्यालयों में शिक्षकों के युक्तिकरण की प्रक्रिया को लेकर सर्व टीजीटी महासंघ ने सरकार के समक्ष कई महत्त्वपूर्ण मांगें रखी हैं। महासंघ ने स्पष्ट किया है कि युक्तिकरण से पहले टीजीटी से प्रवक्ता और हैडमास्टर पदों पर लंबित पदोन्नतियां की जाएं, ताकि पदोन्नति से रिक्त होने वाले पदों पर युक्तिकरण की जद में आने वाले शिक्षकों को उनके घर के नजदीक समायोजित किया जा सके। रविवार को आयोजित महासंघ की ऑनलाइन बैठक में यह प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया। महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष सुनील कुमार ने कहा कि टीजीटी से प्रवक्ता और हैडमास्टर पदोन्नति का मामला लंबे समय से लंबित है।