पुलिस विभाग के 13 अधिकारियों को सेवानिवृत्ति पर मिलेगा मानद उच्च पद

स्टाफ रिपोर्टर-शिमला

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की घोषणा की अनुपालना में हिमाचल प्रदेश पुलिस के 13 पात्र अराजपत्रित अधिकारियों, उपनिरीक्षकों, सहायक उपनिरीक्षकों तथा मुख्य आरक्षकों को उनकी सेवानिवृत्ति के दिन अगले उच्च पद का मानद रैंक प्रदान किया जा रहा है।

राज्य पुलिस विभाग के एक प्रवक्ता ने जानकारी दी कि जिला किन्नौर के रिकांगपिओ में आयोजित राज्य स्तरीय हिमाचल दिवस समारोह के अवसर पर मुख्यमंत्री ने घोषणा की थी कि हिमाचल प्रदेश पुलिस के सभी पात्र अराजपत्रित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उनकी समर्पित, अनुशासित और सराहनीय सेवाओं के सम्मान में सेवानिवृत्ति के दिन एक मानद उच्च पद प्रदान किया जाएगा।

सम्मान-गौरव के साथ होगी विदाई

यह मानद पद वित्तीय अथवा पेंशन संबंधी लाभ के लिए नहीं, बल्कि पुलिस अधिकारियों द्वारा दशकों तक राज्य, समाज और पुलिस संगठन को दी गई निष्ठापूर्ण एवं उल्लेखनीय सेवाओं की औपचारिक मान्यता के रूप में प्रदान किए जा रहे हैं। यह व्यवस्था सुनिश्चित करती है कि पुलिस कर्मी अपनी सेवा के अंतिम दिन विभाग से केवल सेवानिवृत्त न हों, बल्कि सम्मान, गौरव और उच्चतर पद की पहचान के साथ विदा हों।