हिमाचल पुलिस में 46 हेड कांस्टेबल बने एचएएसआई, पदोन्नति आदेश जारी

28 पूर्व सैनिक और 18 नियमित श्रेणी के पुलिस कर्मियों को मिला सम्मान, वर्दी पर एक स्टार और विशेष भत्ता मिलेगा

स्टाफ रिपोर्टर-शिमला

हिमाचल प्रदेश पुलिस मुख्यालय ने दो अलग-अलग कार्यालय आदेश जारी कर प्रदेश पुलिस के 46 हेड कांस्टेबल एवं मानद हेड कांस्टेबलों को तत्काल प्रभाव से एचएएसआई के पद पर पदोन्नत किया है। पदोन्नति पाने वालों में 28 पूर्व सैनिक श्रेणी तथा 18 नियमित श्रेणी के पुलिस कर्मी शामिल हैं। पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी आदेशों के अनुसार पूर्व सैनिक श्रेणी में हमीरपुर, शिमला, सोलन, सिरमौर, किन्नौर, चंबा, ऊना, कांगड़ा, मंडी, कुल्लू, बद्दी, पुलिस जिला देहरा, पुलिस जिला नूरपुर, विजिलेंस, पहली और छठी आईआरबी सहित विभिन्न जिलों और इकाइयों में तैनात पुलिस कर्मियों को एचएएसआई बनाया गया है।

इसी तरह नियमित श्रेणी में स्टेट सीआईडी, थर्ड आईआरबी, सिरमौर, किन्नौर, चंबा, ऊना, पुलिस जिला देहरा, कांगड़ा, मंडी, दूसरी आईआरबी, बिलासपुर और लाहौल-स्पीति से 18 हेड कांस्टेबल एवं मानद हेड कांस्टेबलों को एचएएसआई के पद पर पदोन्नति दी गई है। पुलिस मुख्यालय ने स्पष्ट किया है कि सभी मानद एएसआई नियमित एएसआई की तरह अपनी वर्दी पर एक स्टार धारण करेंगे। पुलिस मुख्यालय ने संबंधित जिला पुलिस अधीक्षकों और विभिन्न पुलिस इकाइयों के प्रमुखों को निर्देश दिए हैं कि वे इन पदोन्नत पुलिस कर्मियों के औपचारिक पदस्थापन आदेश जारी करें। हालांकि यह पदोन्नति इस शर्त के अधीन होगी कि संबंधित पुलिस कर्मियों के खिलाफ कोई प्रतिकूल रिकॉर्ड या विभागीय जांच लंबित न हो।