सात जिलों की लिस्ट जारी, पहले नियुक्त प्रिंसीपल डिप्टी डायरेक्टर ऑफिस में ज्वाइनिंग
कैबिनेट सब-कमेटी ने मेरिट से टीचर लगाने के मिनट्स मंजूर किए, 20 की कैबिनेट में फैसला
दिव्य हिमाचल ब्यूरो — शिमला
हिमाचल में राज्य स्कूल एजुकेशन बोर्ड से सीबीएसई में कन्वर्ट किए गए सरकारी स्कूलों के लिए मेरिट से प्रिंसीपल नियुक्त करने की प्रक्रिया आखिरकार शुरू हो गई। सोमवार शाम को शिक्षा सचिव की ओर से जारी पहली लिस्ट में 62 स्कूलों को नए प्रिंसीपल मिले हैं। ये सात जिलों के स्कूल हैं। कुल 146 स्कूलों के लिए यह नियुक्ति होनी है और अभी पांच जिलों में एक भी स्कूल को नया प्रिंसीपल नहीं मिला है। जारी हुई अधिसूचना के अनुसार शिमला जिला के 21, मंडी जिला के 17, कुल्लू जिला के चार, चंबा जिला के आठ, सिरमौर जिला के सात, किन्नौर जिला के चार और लाहुल-स्पीति जिला के एक सीबीएसई स्कूल को नया प्रिंसीपल मिला है।
इस नियुक्ति के लिए सीबीएसई एफिलिएटिड स्कूल ऑफ एक्सीलेंस स्कीम के तहत परीक्षा ली गई थी। इन स्कूलों में नए प्रिंसीपल के ज्वाइन करने के बाद निवर्तमान प्रिंसीपल को संबंधित जिला के उपनिदेशक कार्यालय में ज्वाइनिंग देनी होगी, जब तक कि उनके लिए अगले आदेश जारी नहीं हो जाएं। दूसरी तरफ एक और अच्छी खबर यह है कि उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री की अध्यक्षता वाली कैबिनेट सब कमेटी ने सचिवालय में हुई अपनी पहली बैठक के मिनट्स को मंजूरी दे दी है। इसमें कैबिनेट सब कमेटी ने सीबीएसई स्कूलों में मेरिट से टीचर लगाने की सिफारिश कर दी है। अब यह मामला सीधे 20 जुलाई को होने वाली कैबिनेट की बैठक में जाएगा और नए सिरे से कैबिनेट सब कमेटी की बैठक करने की जरूरत नहीं है।