सलूणी कालेज में शोध आधारित शिक्षण पर व्याख्यान और जिम का उद्घाटन
निजी संवाददाता-सलूणी
राजकीय महाविद्यालय सलूणी में छात्र दिवस के उपलक्ष्य पर विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य डा. मोहिंद्र कुमार सलारिया ने की। उन्होंने अपने संबोधन में शोध पद्धति और शोधपरक असाइनमेंट्स के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि वर्तमान पाठयक्रम में शोध आधारित शिक्षण अधिगम का विशेष स्थान है। शोध से न केवल विषय की गहन समझ विकसित होती है, बल्कि छात्रों की तार्किक सोच और समस्या समाधान की क्षमता भी बढ़ती है। उन्होंने अध्यापकों से आह्वान किया कि वे शिक्षण को शोध के साथ जोडकर छात्रों को नवाचार के लिए प्रोत्साहित करें।
इस अवसर पर इतिहास विभाग के प्रवक्ता डा. सौरभ मिश्रा ने महाविद्यालय में शुरू किए जा रहे मेंटर-मेंटी सत्रों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इन सत्रों के माध्यम से प्रत्येक छात्र को एक शिक्षक मार्गदर्शक मिलेगा जो उसकी शैक्षणिक और व्यक्तिगत प्रगति में मदद करेगा। कार्यक्रम का फल संचालन अंग्रेजी विषय की प्रवक्ता डा. जयश्री ने किया। कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य द्वारा कालेज जिम का उद्घाटन किया गया, जिम की शुरुआत से छात्रों को शारीरिक स्वास्थ्य और फिटनेस के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।