पंजाब के करटोली से अंबाला तक दौड़ेगी नई ट्रेन, दिल्ली-दौलतपुर चौक हिमाचल एक्सप्रेस का भी होगा विस्तार

स्टाफ रिपोर्ट-दौलतपुर चौक

पंजाब और हिमाचल प्रदेश के रेल यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत आधुनिक स्वरूप में विकसित पंजाब के करटोली रेलवे स्टेशन का 17 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा वर्चुअल लोकार्पण किए जाने की संभावना है। इसी के साथ क्षेत्र को नई रेल सेवाओं की सौगात मिलने जा रही है। सबसे बड़ी राहत यह होगी कि दिल्ली-दौलतपुर चौक हिमाचल एक्सप्रेस का विस्तार करटोली रेलवे स्टेशन तक किया जाएगा, जबकि करटोली-अंबाला सिटी एक्सप्रेस नई रेल सेवा भी शुरू होगी। नई व्यवस्था लागू होने से करटोली एवं तलवाड़ा इत्यादि स्थानों से दौलतपुर चौक, ऊना, नंगल, आनंदपुर साहिब, अंबाला, दिल्ली तक जाने वाले हजारों यात्रियों को बेहतर रेल संपर्क मिलेगा।

यात्रियों को अब अंबाला, राजपुरा और सरहिंद की ओर जाने के लिए अधिक सुविधाजनक विकल्प उपलब्ध होगा, वहीं दिल्ली जाने वाले यात्रियों को भी करटोली से सीधी रेल सुविधा का लाभ मिलेगा। करटोली-अंबाला सिटी एक्सप्रेस का संभावित मार्ग दौलतपुर चौक, नंगल डैम, आनंदपुर साहिब, किरतपुर साहिब, भरतगढ़, रूपनगर, मोरिंडा, बस्सी पठाना, फतेहगढ़ साहिब, सरहिंद जंक्शन और राजपुरा होते हुए अंबाला सिटी तक रहेगा। इससे धार्मिक, शैक्षणिक, चिकित्सा और व्यावसायिक यात्राओं को नई गति मिलेगी। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत करटोली रेलवे स्टेशन को आधुनिक यात्री सुविधाओं, आकर्षक भवन, डिजिटल सूचना प्रणाली, दिव्यांग-अनुकूल सुविधाओं, बेहतर प्रतीक्षालय, स्वच्छ परिसर और उन्नत आधारभूत ढांचे से सुसज्जित किया गया है।

यात्रियों को होंगे ये बड़े फायदे

दिल्ली-दौलतपुर चौक हिमाचल एक्सप्रेस अब करटोली तक चलेगी। करटोली-अंबाला सिटी नई रेल सेवा से क्षेत्र को सीधा लाभ। आनंदपुर साहिब और फतेहगढ़ साहिब जैसे धार्मिक स्थलों तक आसान सफर। अंबाला के बड़े अस्पतालों और शिक्षण संस्थानों तक बेहतर पहुंच। सरहिंद जंक्शन पर लंबी दूरी की ट्रेनों से आसान इंटरचेंज। सडक़ मार्ग की तुलना में सस्ता, सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा विकल्प।