29 तक आवेदन, 30 को काउंसिलिंग, एचपीयू में चार वर्षीय बीएड के लिए ऑन-द-स्पॉट प्रवेश प्रक्रिया शुरू

स्टाफ रिपोर्टर-शिमला

हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के शिक्षक शिक्षा विभाग ने एनसीटीई से अनुमोदित चार वर्षीय इंटीग्रेटेड टीचर एजुकेशन प्रोग्राम (आईटीईपी) में रिक्त सीटों को भरने के लिए ऑन-द-स्पॉट प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी है। विभाग ने एनसीईटी (एनटीए) स्कोर के आधार पर ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं। विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार बीए-बीएड मिडिल में 34, बीए-बीएड सेकेंडरी में 1, बीएससी-बीएड मिडिल में 17 और बीकॉम-बीएड सेकेंडरी में 44 सीटें रिक्त हैं। इस प्रकार चारों पाठ्यक्रमों में कुल 96 सीटों पर ऑन-द-स्पॉट प्रवेश दिए जाएंगे।

शिक्षक शिक्षा विभाग के विभागाध्यक्ष प्रोफेसर कुलदीप सिंह कटोच ने बताया कि इच्छुक विद्यार्थी 29 जुलाई तक आवेदन कर पाएंगे। विद्यार्थी पात्रता, प्रवेश नियम और अन्य विस्तृत जानकारी विभाग की वेबसाइट पर उपलब्ध प्रोस्पेक्टस में देख सकते हैं।

शुल्क तय

जारी अधिसूचना के अनुसार सामान्य वर्ग के विद्यार्थियों के लिए आवेदन शुल्क 1400 रुपए निर्धारित किया गया है, जबकि एससी, एसटी, दिव्यांग (पीडब्ल्यूडी) और ईडब्ल्यूएस वर्ग के विद्यार्थियों को 1200 रुपए आवेदन शुल्क ऑनलाइन जमा करना होगा। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद 30 जुलाई को सुबह 10 बजे हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय ऑडिटोरियम में ऑफलाइन काउंसिलिंग आयोजित की जाएगी।

काउंसिलिंग के दौरान विद्यार्थियों को निर्धारित दस्तावेजों के साथ उपस्थित होना होगा।