स्टाफ रिपोर्टर—अंब
उपमंडल थाना अंब के तहत पंजोआ में हुए सडक़ हादसे में एक युवक व युवती की मौत हो गई, जबकि बाइक की चपेट में आने से एक महिला को गंभीर चोटें आई हैं। मृतकों की पहचान सक्षम ठाकुर (20) पुत्र होशियार सिंह, निवासी कंगरूही (थडा) के रूप में हुई है, जबकि युवती की पहचान नेहा (22) पुत्री जय चंद निवासी चक्क बेहड़ जसवां के रूप में हुई है। बाइक की चपेट में आई महिला सुमन देवी (60) पत्नी स्वर्गीय बलदेव चंद निवासी भवरन कंगरूही (थड़ा) की निवासी है। बताया जा रहा है कि बाइक सवार युवत-युवती रिश्ते में दोनों चचेरे भाई बहन हैं।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार करीब 12:15 बजे चचेरे भाई बहन जब पंजोआ संपर्क मार्ग से गुजर रहे थे तो सडक़ किनारे पैदल जा रही एक महिला उनकी बाइक की चपेट में आ गई, जिससे तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की आवाज सुनकर साथ ही दुकान के अंदर बैठ स्थानीय उपप्रधान अनिल तक्खी व उसके साथी रमन कुमार बिना कोई देर किए सभी घायलों को अपनी गाड़ी में डालकर उपचार के लिए सिविल अस्पताल अंब ले गए। यहां जांच करने के बाद डॉक्टर ने युवक को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि युवती और महिला की गंभीर हालत को देखते हुए दोनों को प्राथमिक उपचार देने के बाद क्षेत्रीय अस्पताल ऊना रेफर कर दिया गया। ऊना हॉस्पिटल से गंभीर रूप से घायल हुई युवती को डॉक्टर की टीम ने नाजुक हालत देखते हुए पीजीआई रैफर कर दिया, लेकिन उसकी रास्ते में ही मौत हो गई। हादसे की खबर सुनकर क्षेत्र में एक दम सन्नाटा छा गया और गांववासी गहरे शोक में डूब गए। डीएसपी अनिल पटियाल ने बताया कि पंजोआ ने हुए सडक़ हादसे में एक युवक व युवती की मौत हुई है, जबकि एक अन्य महिला घायल है। मामला दर्ज कर आगामी कारवाई शुरू कर दी गई है।