मोहिंद्र नेगी—रिकांगपिओ
किन्नौर जिला के कई स्थानों पर बादल फटने की घटनाएं सामने आई हैं। पहली घटना चोलिंग में सामने आई। चोलिंग की पहाडिय़ों पर बादल फटने से तीक्ष्मति नालांग में आई बाढ़ के साथ लाखों टन मलबा राष्ट्रीय उच्च मार्ग 5 पर जा गिरा। इस दौरान सडक़ मार्ग से गुजर रहे दो वाहन मलबे मे फंस गए। इस घटना में पंजाब से आए एक पर्यटक का भी वाहन बताया जा रहा है। दूसरी घटना किन्नौर जिला के रिब्बा गांव में पेश आई। यहां रात के अंधेरे में रिब्बा गांव की पहाडिय़ों पर भी बादल फटने से बाढ़ का काफी सारा पानी व मलबा रिहायशी क्षेत्र में जा घुसा।
इस दौरान रिब्बा के कई ग्रामीणों के सेब के पौधे सहित नकदी फसलों को काफी नुकसान पहुंचा है। इसी प्रकार लिप्पा सहित रिस्पा नालों में भी बाढ़ आने की सूचनाएं प्राप्त हुई हैं। लिप्पा गांव के साथ लगते पेजर नाले में बाढ़ से ग्रामीणों के चार सिंचाई कूलहें शक्तिग्रस्त हुई हैं। रिस्पा गांव के साथ नाले में भी बारी बाढ़ आने से रिस्पा गांव को जाने वाली सडक़ काफी बड़ा हिस्सा पूरी तरह शक्तिग्रस्त हो गया है।
चोलिंग में छह घंटे बाद खुला मार्ग, बादल फटने से हो गया था बंद
भारत-चीन अंतरराष्ट्रीय सीमाओं की ओर जाने वाली राष्ट्रीय उच्च मार्ग 5 जो आज सुबह करीब तीन बजे बादल फटने के कारण चोलिंग नामक स्थान पर अबरूद हो गया था, उसे आज करीब 6 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद राष्ट्रीय उच्च मार्ग प्राधिकरण द्वारा खोल दिया गया। इस दौरान मार्ग पर फंसे राहगीरों को किन्नौर प्रशासन के अधिकारी नायब तहसीलदार इंदर नेगी सहित मीरु पंचायत उप प्रधान विनोद कुमार सहित वार्ड सदस्य राम कुमार द्वारा चाय पानी सहित नाश्ता करवाया गया।