दो चरणों में चलेगी प्रक्रिया, पहले चरण में 21 तक करना होगा कालेज का चयन
स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2026-28 के लिए बीएड प्रवेश काउंसिलिंग प्रक्रिया शुरू करने का शेड्यूल जारी कर दिया है। कुलपति की स्वीकृति के बाद एचपीयू शिक्षा विभाग, राजकीय शिक्षक शिक्षा महाविद्यालय (जीसीटीई) धर्मशाला और विश्वविद्यालय से संबद्ध स्ववित्तपोषित बीएड कालेजों में प्रवेश के लिए काउंसिलिंग प्रक्रिया शनिवार से शुरू हो गई है। विश्वविद्यालय ने बीएड प्रवेश की ऑनलाइन काउंसिलिंग का विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया है। इसके तहत पहले चरण की ऑनलाइन काउंसलिंग प्रक्रिया 18 जुलाई सुबह दस बजे से शुरू होकर 21 जुलाई रात 12 बजे तक चलेगी। इस दौरान विद्यार्थी एडमिशन पोर्टल पर लॉगिन कर अपनी पसंद के तीन कालेजों का चयन कर सकेंगे।
विश्वविद्यालय के जारी कार्यक्रम के अनुसार पहले चरण का सीट आबंटन 22 जुलाई को किया जाएगा, जबकि 23 और 24 जुलाई को संबंधित कालेजों में मूल दस्तावेजों का सत्यापन और ऑनलाइन प्रवेश शुल्क जमा करने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। 25 जुलाई को पहले चरण की रिक्त सीटों की सूची विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर जारी की जाएगी। दूसरे चरण की ऑनलाइन काउंसिलिंग 26 जुलाई दोपहर दो बजे से 28 जुलाई रात 12 बजे तक आयोजित होगी। दूसरे चरण का सीट आबंटन 31 जुलाई को होगा, जबकि पहली से तीन अगस्त तक दस्तावेज सत्यापन और प्रवेश शुल्क जमा करने की प्रक्रिया चलेगी। खेल एवं सांस्कृतिक कोटा के तहत प्रवेश के लिए विशेष काउंसिलिंग 29 जुलाई को विश्वविद्यालय में आयोजित की जाएगी।
खाली सीटों पर सात-आठ को होगा ऑन-द-स्पॉट राउंड
रिक्त सीटों को भरने के लिए चार से छह अगस्त तक मॉप-अप/ ऑन-द-स्पॉट राउंड के लिए आवेदन प्रक्रिया चलेगी। सात और आठ अगस्त को विश्वविद्यालय ऑडिटोरियम में ऑफलाइन काउंसिलिंग आयोजित होगी, जिसमें विद्यार्थियों को सभी मूल दस्तावेजों के साथ व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होना अनिवार्य होगा। चयनित विद्यार्थियों को निर्धारित विश्वविद्यालय शुल्क के साथ 25 हजार रुपए का टोकन प्रवेश शुल्क मौके पर संबंधित कालेज में जमा कराना होगा।