शिक्षा मंत्री बोले, शिक्षण संस्थानों में नहीं खलेगी अध्यापकों की कमी

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-चंबा

शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा है कि राज्य के 350 अध्यापकों को सिंगापुर में अवलोकन भ्रमण के लिए भेजा गया, ताकि अध्यापन के आधुनिक व नए तौर तरीकों को सीख कर वे उन्हें अपने स्कूलों में लागू कर सकें। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों से भी अनेक विद्यार्थियों को सिंगापुर व कंबोडिया के अवलोकन भ्रमण पर भेजा गया है।

उन्होंने कहा कि अध्यापकों के विभिन्न वर्गों के 1800 पदों को भरने की स्वीकृति दी है। इनमें 1200 पद प्राथमिकता के आधार पर भरे जा रहे हैं। इससे आगामी समय में शिक्षण संस्थानों में अध्यापकों की कमी को पूरा कर दिया जाएगा। शिक्षा मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने सरकारी स्कूलों में पहली कक्षा से अंग्रेजी विषय पढऩे का भी निर्णय लिया है।

एजुकेशन पर फोकस

शिक्षा मंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश सरकार चालू वित्त वर्ष के दौरान शिक्षा के क्षेत्र में 9666 करोड़ पर खर्च कर रही है जो कि कुल बजट का 18 प्रतिशत है। शिक्षा मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने सत्ता में आने के उपरांत गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर विशेष ध्यान दिया है तथा सरकार के इन प्रयासों के बदौलत आज राष्ट्रीय उपलब्धि सर्वेक्षण (एनएएस-परख-2025) में हिमाचल प्रदेश की रैंकिंग में उल्लेखनीय सुधार हुआ है ।