पहली से आठवीं तक पात्र छात्रों को मिलेगी फ्री वर्दी

कार्यालय संवाददाता-शिमला

हिमाचल प्रदेश के सरकारी स्कूलों में पढऩे वाले पहली से आठवीं कक्षा के पात्र विद्यार्थियों को इस वर्ष भी फ्री यूनिफॉर्म योजना का लाभ मिलेगा। प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय ने वर्ष 2026-27 के लिए सभी छात्राओं तथा एससी, एसटी और बीपीएल वर्ग के छात्रों को प्रति विद्यार्थी 600 रुपए देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। यह राशि डायरेक्ट बेनेफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से सीधे विद्यार्थियों के बैंक खातों में भेजी जाएगी।

इस बार निदेशालय ने पीएम श्री स्कूलों और अन्य सरकारी विद्यालयों के लिए अलग-अलग पत्र जारी किए हैं। दोनों श्रेणियों के विद्यालयों से अलग-अलग प्रस्ताव मांगे गए हैं, ताकि समय पर जिलों को धनराशि जारी कर पात्र विद्यार्थियों के खातों में राशि हस्तांतरित की जा सके।

तीन अगस्त तक भेजें डाटा

शिक्षा निदेशालय ने प्रदेश के सभी उपनिदेशक (प्रारंभिक शिक्षा) को निर्देश जारी कर तीन अगस्त तक अपने-अपने जिलों के पात्र विद्यार्थियों की संख्या और कार्यालय के बैंक खाते का विवरण उपलब्ध करवाने को कहा है। इसके लिए सभी स्कूलों से लाभार्थियों का डाटा एकत्र कर निर्धारित प्रारूप में प्रस्ताव निदेशालय को भेजना होगा।