अधिकारियों को कार्यक्रम की तैयारी करने के निर्देश
नगर संवाददाता — ऊना
हिमाचल प्रदेश के महत्त्वाकांक्षी बल्क ड्रग पार्क परियोजना को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हरोली में लगभग 2,200 करोड़ रुपए की लागत से विकसित किए जा रहे बल्क ड्रग पार्क की पहली ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी इसी वर्ष सितंबर में आयोजित की जाएगी। उपमुख्यमंत्री ने उद्योग विभाग के अधिकारियों के साथ परियोजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए संयुक्त निदेशक उद्योग को निर्देश दिए कि समारोह के आयोजन और परियोजना से जुड़े सभी आवश्यक प्रबंध समयबद्ध ढंग से पूरे किए जाएं।
उन्होंने कहा कि बल्क ड्रग पार्क हिमाचल प्रदेश की सबसे महत्त्वपूर्ण औद्योगिक परियोजनाओं में शामिल है और सरकार इसे प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ा रही है। उन्होंने बताया कि परियोजना के लिए सीवरेज, पेयजल, बॉयलर और अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास से जुड़े करीब 1,000 करोड़ रुपए के कार्यों के टेंडर पहले ही जारी किए जा चुके हैं। इन कार्यों के पूरा होने के बाद परियोजना को गति मिलेगी और उद्योगों की स्थापना का मार्ग भी प्रशस्त होगा।
परियोजना हर हाल में पूरा करेगी सरकार
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि कुछ लोग इस महत्त्वाकांक्षी परियोजना को लेकर दुष्प्रचार करने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन इससे सरकार की योजनाओं पर कोई असर नहीं पड़ेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश सरकार बल्क ड्रग पार्क परियोजना को हर हाल में साकार करेगी। उपमुख्यमंत्री ने हरोली विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में पेयजल और सिंचाई सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए लगभग 1,000 करोड़ रुपण् की विभिन्न परियोजनाओं पर कार्य किया जा रहा है। इसके अलावा अब तक 325 से अधिक ट्यूबवैल स्थापित किए जा चुके हैं, जिससे किसानों और ग्रामीण क्षेत्रों को सिंचाई व पेयजल की बेहतर सुविधा मिल रही है।