चंबा-पनेला मार्ग पर दस दिन से नहीं पहुंची मरम्मत टीम, निगम की लापरवाहीं पर उठे सवाल
नगर संवाददाता-चंबा
चंबा-पनेला मार्ग पर सरोथा नाला स्थित हनुमान मंदिर के समीप हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की एक बस पिछले दस दिनों से सडक़ किनारे खराब हालत में खड़ी है। इतने दिन बीत जाने के बावजूद निगम की ओर से बस की मरम्मत या उसे कार्यशाला तक पहुंचाने के लिए कोई टीम नहीं भेजी गई है, जिससे निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। जानकारी के अनुसार, यह बस करीब दस दिन पहले अपने निर्धारित रूट पर सरोथा नाला के पास तकनीकी खराबी के कारण बीच रास्ते में बंद हो गई थी। चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए बस को सडक़ किनारे सुरक्षित खड़ा कर दिया, लेकिन इसके बाद अब तक बस को ठीक करने या वहां से हटाने के लिए कोई कार्रवाई नहीं की गई। वर्तमान में लाखों रुपये कीमत की यह बस सुनसान स्थान पर लावारिस हालत में खड़ी है, जिससे सुरक्षा और रखरखाव को लेकर भी चिंताएं जताई जा रही हैं।
क्या बोले लोग
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिले की कई सडक़ों पर तकनीकी खराबी के कारण बंद हुई परिवहन निगम की बसें लंबे समय तक सडक़ किनारे खड़ी रहती हैं। इन बसों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रही हैं, जिनके जरिए लोग निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं और समय पर मरम्मत व उचित रखरखाव की मांग कर रहे हैं।