गर्मी बहुत है, एक गिलास बढिय़ा नींबू पानी मिलेगा

फिर दिखा मुख्यमंत्री का मानवीय चेहरा

नगरोटा जाते वक्त सडक़ किनारे दुकान पर रुके सुखविंदर सिंह सुक्खू

सीएम ने कांग्रेस नेताओं के साथ पिया नींबू पानी

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — धर्मशाला

राजनीति की आपाधापी, सुरक्षा का कड़ा पहरा और वीआईपी कल्चर के बीच जब कोई बड़ा राजनेता आम आदमी के बीच सहज रूप से खड़ा हो जाता है, तो वह पल जनता के दिलों को छू लेता है। ऐसा ही एक आत्मीय नजारा सोमवार को देखने को मिला, जब सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू धर्मशाला से नगरोटा में एक कार्यक्रम में भाग लेने के लिए जा रहे थे, तो नगरोटा के नजदीक ही हाइवे के किनारे मुख्यमंत्री ने अपना काफिला एक छोटे से साधारण ढाबे पर रुकवाकर न सिर्फ नींबू पानी का आनंद लिया, बल्कि लोगों से सीधा संवाद भी किया।

मुख्यमंत्री ने बेहद सादगी से ढाबा संचालक से पूछा, ‘भाई, एक गिलास बढिय़ा नींबू पानी मिलेगा? गर्मी बहुत है।’ ढाबा मालिक ने तुरंत अपने हाथ से शिकंजी तैयार की। इसके बाद सीएम ने बड़े चाव से नींबू पानी पिया और उसकी तारीफ भी की। मुख्यमंत्री को अचानक अपने सामने देख ढाबा संचालक और वहां मौजूद ग्राहक हैरान रह गए। इस अवसर पर उनके साथ तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी, युवा सेवाएं खेल मंत्री यादविंदर गोमा, उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया, विधायक संजय रतन तथा कांग्रेस के नेशनल सचिव चेतन चैहान भी उपस्थित रहे।