दिव्य हिमाचल ब्यूरो—मंडी
मंडी पुलिस ने चरस तस्करी में लगे कसौली के एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 3.66 किलोग्राम चरस भी बरामद कर ली गई है। जिला मंडी पुलिस द्वारा नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत एक महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है। पुलिस थाना औट की टीम द्वारा झलोगी (द्वाड़ा फ्लाईओवर) के समीप नाकाबंदी एवं वाहनों की नियमित जांच के दौरान एक व्यक्ति के कब्जे से 3.66 किलोग्राम चरस बरामद की।
इस संबंध में पुलिस थाना औट में एफआईआर संख्या 71/2026, दिनांक 05.07.2026, धारा 20, एनडीपीएस अधिनियम के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। इस संदर्भ में पुलिस ने आरोपी आशीष ठाकुर कसौली को गिरफ्तार कर लिया है। मंडी एसपी विनोद कुमार ने बताया कि औट पुलिस द्वारा पकड़े गए आरोपी को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल कर गहनता से पूछताछ की जाएगी। मंडी में चरस की इस बड़ी खेप के पकड़े जाने के बाद पुलिस अब इस पूरे ही नेटवर्क को ट्रैक करने की तैयारी में है।