एमसीए की काउंसिलिंग नौ को, तय किए न्यूनतम प्रवेश परीक्षा अंक, मूल प्रमाणपत्रों सहित बुलाए छात्र

एचपीयू ने तय किए न्यूनतम प्रवेश परीक्षा अंक, मूल प्रमाणपत्रों सहित बुलाए छात्र

स्टाफ रिपोर्टर— शिमला

हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के कम्प्यूटर साइंस विभाग ने एमसीए सत्र 2026-27 के लिए सब्सिडाइज्ड सीटों पर प्रवेश के लिए काउंसिलिंग शेड्यूल घोषित कर दिया है। विभागाध्यक्ष की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, एमसीए प्रवेश परीक्षा में निर्धारित अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों की काउंसिलिंग नौ जुलाई को कम्प्यूटर साइंस विभाग, एचपीयू में आयोजित की जाएगी। काउंसिलिंग का समय सुबह 10 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक निर्धारित किया गया है। अधिसूचना के अनुसार, ओपन टू ऑल एवं एचपीयू जनरल श्रेणी के विद्यार्थियों के लिए 50 या उससे अधिक अंक, एससी वर्ग के लिए 42 या उससे अधिक, एसटी के लिए 38 या उससे अधिक, सिंगल गर्ल चाइल्ड श्रेणी के लिए 40 या उससे अधिक, ईडब्ल्यूएस ऑफ हिमाचल प्रदेश के लिए 44 या उससे अधिक, पीडब्ल्यूडी के लिए 35 या उससे अधिक, जबकि कल्चर और स्पोट्र्स श्रेणी के लिए 40 या उससे अधिक अंक निर्धारित किए गए हैं। काउंसिलिंग में शामिल होने वाले विद्यार्थियों को ऑनलाइन आवेदन पत्र का प्रिंटआउट, सभी जरूरी प्रमाणपत्रों की स्वप्रमाणित छायाप्रति तथा मूल दस्तावेज साथ लाने होंगे।

इनमें मैट्रिक, 10+2, ग्रेजुएशन के सभी वर्षों के प्रमाणपत्र, श्रेणी प्रमाणपत्र, सिंगल गर्ल चाइल्ड प्रमाणपत्र, ईडब्ल्यूएस प्रमाणपत्र, पीडब्ल्यूडी प्रमाणपत्र, हिमाचली बोनाफाइड और अन्य प्रासंगिक दस्तावेज शामिल हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि स्पोट्र्स और कल्चर श्रेणी के तहत आवेदन करने वाले पात्र विद्यार्थियों को भी काउंसिलिंग में उपस्थित होकर अपने शैक्षणिक और अन्य संबंधित दस्तावेजों का सत्यापन करवाना होगा। स्पोट्र्स मेरिट का निर्धारण डायरेक्टोरेट ऑफ फिजिकल एजुकेशन एंड यूथ प्रोग्राम, एचपीयू द्वारा किया जाएगा, जबकि कल्चर मेरिट का निर्धारण डीन स्टूडेंट्स वेलफेयर, एचपीयू की ओर से किया जाएगा।

अन्य विश्वविद्यालय के छात्रों को सीजीपीए को प्रतिशत में बदलने का प्रमाणपत्र लाना जरूरी

एचपीयू के अलावा अन्य विश्वविद्यालयों से स्नातक करने वाले विद्यार्थियों को सीजीपीए को प्रतिशत में बदलने का प्रमाणपत्र/कन्वर्जन फॉर्मूला भी अपने संबंधित संस्थान से लाकर प्रस्तुत करना होगा। विभाग ने सभी पात्र विद्यार्थियों से निर्धारित तिथि और समय पर आवश्यक दस्तावेजों सहित उपस्थित होने को कहा है, ताकि प्रवेश प्रक्रिया समयबद्ध तरीके से पूरी की जा सके।

एमए समाजशास्त्र की कटऑफ 62 अंक

एचपीयू समाजशास्त्र एवं समाज कार्य विभाग ने एमए समाजशास्त्र में प्रवेश के लिए काउंसिलिंग सात जुलाई को सुबह 10:30 बजे विभाग परिसर में आयोजित की जाएगी। ओपन एवं एचपीयू जनरल श्रेणी के लिए 62 अंक, अनुसूचित जाति के लिए 57 अंक, अनुसूचित जनजाति के लिए 54 अंक, पीडब्ल्यूडी के लिए 35 अंक, स्पोट्र्स के लिए 51 अंक और ईडब्ल्यूएस के लिए 47 अंक कट-ऑफ निर्धारित किया गया है। वहीं कल्चरल और सिंगल गर्ल चाइल्ड श्रेणी में जनरल विद्यार्थियों के लिए 40 अंक और एससी/एसटी के लिए 35 अंक तय किए गए हैं। विभाग ने विद्यार्थियों को निर्देश दिए हैं कि वे ऑनलाइन आवेदन पत्र के साथ सभी दस्तावेजों के प्रिंटआउट साथ लाएं।

इतिहास विभाग में काउंसिलिंग नौ को

एचपीयू के पुरातत्व एवं प्राचीन इतिहास विभाग ने एमए आर्कियोलॉजी एंड एंशिएंट हिस्ट्री में प्रवेश के लिए काउंसिलिंग नौ जुलाई को सुबह 10:30 बजे से शाम पांच बजे तक आयोजित की जाएगी। विभाग ने बताया कि काउंसिलिंग एचपीयू के इतिहास विभाग में आयोजित होगी। प्रवेश के लिए आवेदन करने वाले विद्यार्थियों को ऑनलाइन आवेदन पत्र का प्रिंटआउट, आवश्यक दस्तावेजों सहित दो नवीनतम पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाने होंगे। विभाग ने यह भी कहा है कि जिन अभ्यर्थियों की पढ़ाई या स्नातक के बाद शैक्षणिक अंतराल रहा है, उन्हें संबंधित क्षेत्र के तहसीलदार द्वारा जारी शपथपत्र भी प्रस्तुत करना होगा। काउंसलिंग और प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित जानकारी के लिए विभाग ने संपर्क नंबर भी जारी किए हैं।

विद्यार्थियों का आना अनिवार्य

एमए एजुकेशन कार्यक्रम में प्रवेश के लिए काउंसिलिंग का कार्यक्रम भी घोषित कर दिया है। विभाग की ओर से जारी प्रवेश सूचना के अनुसार, काउंसिलिंग छह जुलाई को सुबह 10:30 बजे शिक्षा विभाग के कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित की जाएगी। सभी विद्यार्थियों को ऑफलाइन काउंसलिंग प्रक्रिया के लिए व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होना अनिवार्य होगा। काउंसलिंग के समय अभ्यर्थियों को ऑनलाइन काउंसलिंग फॉर्म का प्रिंटआउट, दो पासपोर्ट साइज फोटो सहित अन्य दस्तावेज साथ लाने होंगे। यदि उपलब्ध हो तो बीएड प्रमाणपत्र भी प्रस्तुत करना होगा। प्रत्येक विद्यार्थी को काउंसिलिंग के समय 200 रुपए शुल्क नकद जमा करवाना होगा।