वरिष्ठ संवाददाता — शिमला
हिमाचल में आगामी वर्ष होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर कांग्रेस चुनावी मोड़ पर उतर आई है। धरातल पर संगठन को और मजबूत करने और हर विधानसभा क्षेत्र की फीडबैक के लिए कांग्रेस जिला में प्रभारी के तौर पर मंत्रियों की नियुक्तियां करने जा रही है। इसके लिए प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने लिस्ट तैयार कर मंजूरी के लिए हाईकमान को भी भेज दी है। इसी माह पार्टी हाईकमान इस सूची पर अपनी सहमति की मुहर लगा सकता है। इसके बाद मंत्री पार्टी की ओर से सौंपे जाने वाले जिलों में सक्रिय हो जाएंगे। जानकारी के अनुसार प्रदेश कांग्रेस कमेटी का गठन होने के उपरांत शिमला में हुई पहली आमसभा में मंत्रियों को जिलों में प्रभारी के तौर पर तैनात करने का फैसला लिया गया था।
लिहाजा अब आमसभा के फैसले को धरातल पर उतारने के लिए प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने कार्रवाई शुरू कर दी है। पता चला है कि पीसीसी ने जिलों में तैनात किए जाने वाले मंत्रियों की सूची तैयार कर मंजूरी के लिए पार्टी हाईकमान को भेजा गया है। माना जा रहा है कि इसी माह इस लिस्ट पर सहमति मिल जाएगी।
पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी की बैठक भी जल्द
कांग्रेस की पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी की बैठक भी इसी माह आयोजित करना चाह रही है। इसमें अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव केसी वेणुगोपाल भी शामिल होंगे। राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल से समय लेने के लिए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार का दिल्ली जाने का भी कार्यक्रम है। ऐसे में माना जा रहा है कि इस मुलाकात के दौरान विनय कुमार मंत्रियों की जिलों की जिम्मेदारी सौंपने पर भी चर्चा कर सकते हंै।
मिशन रिपीट की तैयारी
प्रदेश में अगले साल विधानसभा चुनाव होने है। कांग्रेस ने मिशन रिपीट करने के लिए रणनीति बनाने अभी से शुरू कर दी है। वहीं जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं के साथ संवाद करने के साथ-उनकी समस्याओं का निवारण करने के लिए हर जिला में एक मंत्री की प्रभारी के तौर पर नियुक्ति की जा रही है। इस कदम से सरकारी योजनाओ व नीतियों को लेकर भी हर विधानसभा क्षेत्र से फीडबैक मिलेगा और सरकार की उपलब्धियों को आमजन तक पहुंचाने का कार्य भी हो सकेगा।