दिव्य हिमाचल ब्यूरो – हमीरपुर
पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने संसद परिसर में मीडिया से बातचीत करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी लगातार सदन की गरिमा और संसदीय नियमों की अनदेखी कर असंसदीय भाषा का प्रयोग करते हैं तथा बिना तथ्यों के आरोप लगाकर देश को गुमराह करने का प्रयास करते हैं। अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि राहुल गांधी को सदन का दुरुपयोग करने और निराधार आरोप लगाने के लिए देश के युवाओं तथा केंद्रीय गृह मंत्री से सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए।
अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि यदि राहुल गांधी ने किसी छात्र के लिए ‘इडियट’ जैसे शब्द का प्रयोग किया है तो यह देश के युवाओं का अपमान है और इसके लिए उन्हें सबसे पहले देश के युवाओं से माफी मांगनी चाहिए। अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि राहुल गांधी ने आंदोलन के दौरान गोली चलने का दावा कर देश को भ्रमित करने का प्रयास किया, जबकि वास्तविकता यह है कि कोई गोली नहीं चली। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की गोली चलाने का अधिकार केवल संबंधित जिला मजिस्ट्रेट के पास होता है।
नियमों का उल्लंघन
अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि संसद में असंसदीय शब्दों का प्रयोग करना, नियमों और प्रक्रियाओं का उल्लंघन करना तथा बिना किसी तथ्य के केवल सुर्खियां बटोरने के लिए आरोप लगाना राहुल गांधी की कार्यशैली बन चुकी है। उन्होंने कहा कि कई बार ऐसे निराधार आरोपों के कारण राहुल गांधी को अदालतों में जाकर माफी तक मांगनी पड़ी है। आज भी उन्होंने सदन का दुरुपयोग कर जनता को गुमराह करने का प्रयास किया है। इसके लिए उन्हें सदन में केंद्रीय गृह मंत्री से भी माफी मांगनी चाहिए।