NEET UG Result 20 तक, NTA का आश्वासन, समय पर शुरू होगी एमबीबीएस की पढ़ाई

दिव्य हिमाचल ब्यूरो— नई दिल्ली

देश के लाखों मेडिकल अभ्यर्थियों के लिए एक बेहद बड़ी अपडेट है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया है कि नेशनल एलिजिबिलिटी-कम-एंट्रेंस टेस्ट की दोबारा आयोजित की गई परीक्षा के परिणाम 20 जुलाई, 2026 तक घोषित कर दिए जाएंगे। हालांकि, एजेंसी ने अभी किसी निश्चित तारीख की घोषणा नहीं की है, यह संभावित तिथि है, लेकिन अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि परिणाम जल्द से जल्द जारी करने के लिए एनटीए काम कर रहा है। इसके साथ ही एनटीए ने छात्रों को आश्वस्त किया है कि इस बार री-एग्जाम के कारण हुए मामूली विलंभ का असर एमबीबीएस के नए शैक्षणिक सत्र पर नहीं पड़ेगा और कक्षाएं अपने निर्धारित समय पर ही शुरू होंगी।

इससे पहले तीन मई, 2026 को आयोजित की गई मुख्य नीट यूजी परीक्षा को पेपर लीक के कथित आरोपों और संगठित गड़बडिय़ों के बाद केंद्र सरकार द्वारा रद्द कर दिया गया था। उस परीक्षा में 20 लाख से अधिक छात्र शामिल हुए थे। इसके बाद, एनटीए ने रिकॉर्ड समय के अंदर 21 जून, 2026 को देश भर के 5,440 और विदेशों में 14 केंद्रों पर कड़े सुरक्षा प्रबंधों जैसे आधार-आधारित बायोमेट्रिक, फेशियल ऑथेंटिकेशन और सीसीटीवी निगरानी में दोबारा परीक्षा का सफल आयोजन किया था।

काउंसलिंग का फॉर्मूला

एक बार रिजल्ट घोषित होने के बाद, नीट यूजी काउंसिलिंग का आयोजन नेशनल लेवल पर मेडिकल काउंसिलिंग कमेटी के द्वारा किया जाता है। एमसीसी द्वारा ऑल इंडिया कोटा में 15 फीसदी सरकारी मेडिकल कॉलेज सीट, सभी एम्स और अन्य केंद्रीय संस्थानों की सीटें शामिल होती हैं। वहीं, राज्य स्तर पर स्टेट काउंसिलिंग अथॉरिटी के जरिए होता है। राज्य कोटा में 85 फीसदी सरकारी मेडिकल कालेज सीटें और सभी प्राइवेट/डीम्ड यूनिवर्सिटी सीटें शामिल होती हैं। छात्रों को सलाह दी जाती है कि वे अपने सभी शैक्षणिक दस्तावेज और एडमिट कार्ड सुरक्षित रखें।

10,000 से अधिक आपत्तियों की बारीकी से हो रही है जांच

एनटीए ने हाल ही में परीक्षा की प्रोविजनल आंसर-की जारी की थी, जिस पर आपत्तियां दर्ज करवाने की अंतिम तिथि 28 जून, 2026 थी। छात्रों की तरफ से नीट आंसर-की पर 10,000 से भी अधिक आपत्तियां प्राप्त हुई हैं। एनटीए के विषय विशेषज्ञों की एक विशेष समिति हर एक आपत्ति की बेहद बारीकी से जांच कर रही है ताकि फाइनल आंसर-की और रिजल्ट समय पर तैयार कर सकें।