PM ने परीक्षा सुधारों को बनाई हाई लेवल टास्क फोर्स, नंदन नीलेकणी की अगवाई में छह सदस्यीय ग्रुप को जिम्मा

इन्फोसिस के सह संस्थापक नंदन नीलेकणी की अगवाई में छह सदस्यीय ग्रुप को जिम्मा

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — नई दिल्ली

कॉकरोच पार्टी के प्रदर्शन खत्म होने के एक दिन बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने परीक्षा सुधार के लिए हाईपावर टास्क फोर्स बना दी है। इस टीम में छह मेंबर्स होंगे। इन्फोसिस को-फाउंडर नंदन नीलेकणी इसके अध्यक्ष होंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार शाम करीब सात बजे अपने तीसरे सेल्फी मोड वर्टिकल वीडियो के जरिए छात्रों और परीक्षा सुधारों को लेकर बड़ा संदेश दिया। प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार छात्रों के भविष्य को सुरक्षित बनाने के लिए लगातार कदम उठा रही है। उन्होंने घोषणा की कि परीक्षा व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी और तकनीक आधारित बनाने के लिए इन्फोसिस के सह-संस्थापक नंदन नीलेकणी की अध्यक्षता में एक हाई-पावर टास्क फोर्स बनाई गई है।

प्रधानमंत्री मोदी ने वीडियो में कहा कि सरकार ने पेपर लीक जैसे मामलों की सुनवाई के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट की व्यवस्था की है और सोमवार को संसद में कठोर सजा वाले प्रावधानों के साथ कानून लाया जा रहा है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के साथ-साथ भविष्य की परीक्षा प्रणाली को भी मजबूत बनाना जरूरी है, ताकि छात्रों का भरोसा कायम रहे। प्रधानमंत्री ने कहा कि देश की परीक्षा व्यवस्था विश्वसनीय, पारदर्शी और आधुनिक तकनीक से लैस होनी चाहिए। इसी उद्देश्य से नंदन नीलेकणी के नेतृत्व में हाई-पावर टास्क फोर्स गठित करने का फैसला लिया गया है। यह टास्क फोर्स एग्जामिनेशन रिफॉम्र्स पर काम करेगी और तकनीक के अधिकतम उपयोग के जरिए परीक्षा प्रणाली में व्यापक सुधारों का रोडमैप तैयार करेगी।

हाई-पावर्ड टास्क फोर्स में ये विशेषज्ञ

एनटीए परीक्षा में सुधार के लिए बनाई गई हाई-पावर्ड टास्क फोर्स में अलग-अलग क्षेत्रों के विशेषज्ञों का शामिल किया गया है, जो एनटीए परीक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद करंगे, खासकर टेक्नोलॉजी और सिस्टम में ढांचागत सुधारों के मामले में। इस ग्रुप का नेतृत्व टेक्नोलॉजी एक्सपर्ट नंदन नीलेकणि करेंगे। ग्रुप में उनके साथ इसरो के पूर्व चेयरमैन एस. सोमनाथ, आईबी के पूर्व डायरेक्टर तपन डेका, आईआईटी चेन्नई के डायरेक्टर वी. कामाकोटी, पूर्व शिक्षा सचिव अनीता करवाल और लॉजिस्टिक्स एक्सपर्ट अमृत लाल मीणा शामिल हैं।