Re-appear Exam: सप्लीमेंट्री-री अपीयर एग्जाम आज से, पांचवीं से 12वीं तक के छात्र देंगे इम्तिहान

पांचवीं से 12वीं तक के छात्र देंगे इम्तिहान, परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर रहेगा पूर्ण प्रतिबंध

सिटी रिपोर्टर- धर्मशाला

हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की ओर से शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए पांचवीं, आठवीं, नौवीं, दसवीं, जमा एक और जमा दो कक्षाओं की अनुपूरक (सप्लीमेंट्री), कंपार्टमेंट एवं री-अपीयर परीक्षाएं तीन जुलाई से प्रदेशभर में शुरू होंगी। अधिकांश परीक्षाएं निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएंगी, जबकि नौवीं और ग्यारहवीं की पूरक परीक्षाएं संबंधित विद्यालयों में आंतरिक स्तर पर संपन्न करवाई जाएंगी। बोर्ड ने परीक्षा संचालन को लेकर सभी केंद्र अधीक्षकों और विद्यालयों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। परीक्षार्थियों को परीक्षा प्रारंभ होने से 15 मिनट पहले प्रश्न पत्र और उत्तरपुस्तिका उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि वे ओएमआर शीट एवं अन्य आवश्यक विवरण सावधानीपूर्वक भर सकें।

कक्षा दसवीं और जमा दो की परीक्षाएं सुबह नौ बजे शुरू होंगी, जबकि प्रश्न पत्र विद्यार्थियों को सुबह पौने नौ बजे वितरित किए जाएंगे। परीक्षाओं की पारदर्शिता और गोपनीयता बनाए रखने के लिए इस बार दसवीं और जमा दो के मुख्य विषयों के प्रश्न पत्र ए, बी, सी तथा विशेष आवश्यकता वाले विद्यार्थियों के लिए ई सीरीज़ में तैयार किए गए हैं। विद्यार्थियों को उत्तरपुस्तिका अथवा ओएमआर शीट पर प्रश्न पत्र की निर्धारित सीरीज़ स्पष्ट रूप से अंकित करना अनिवार्य होगा।

दसवीं और जमा दो की परीक्षा तिथियां

कक्षा दसवीं

तीन जुलाई को गणित, चार को संस्कृत, पंजाबी, छह को अंग्रेजी, सात को हिंदी, आठ को विज्ञान-प्रौद्योगिकी, नौ को सामाजिक विज्ञान, दस को होम साइंस, आईटीईएस, कम्प्यूटर साइंस।

कक्षा जमा दो

तीन जुलाई को अंग्रेजी, चार को अकाउंटेंसी, फिजिक्स, संस्कृत, छह को इतिहास, जीव विज्ञान, सात को राजनीति विज्ञान, आठ को अर्थशास्त्र, नौ को हिंदी, दस को गणित, 13 को बिजनेस स्टडीज, केमिस्ट्री, पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन, 14 को संगीत, प्राइवेट सिक्योरिटी, समाजशास्त्र, एग्रीकल्चर, 15 को भूगोल, 16 को शारीरिक शिक्षा एवं कम्प्यूटर साइंस (आई.पी.) ।

नियम न मानने पर एक्शन

बोर्ड ने परीक्षा केंद्रों में मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, कैलकुलेटर, पेजर अथवा अन्य किसी भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण के उपयोग एवं प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया है। नियमों का उल्लंघन करने वाले परीक्षार्थियों के विरुद्ध बोर्ड की परीक्षा नियमावली के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

निर्देश

नौवीं और ग्यारहवीं की पूरक परीक्षाएं विद्यालय स्तर पर आयोजित करवाई जा रहीं हैं। सभी परीक्षाओं में विद्यार्थियों को उत्तर लिखते समय प्रश्न पत्र में अंकित सही प्रश्न संख्या का ही उल्लेख करना अनिवार्य होगा।

शिक्षा बोर्ड अध्यक्ष बोले अनुपूरक परीक्षाएं नकलमुक्त-पारदर्शी हों

स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डा. राजेश शर्मा ने कहा कि परीक्षार्थियों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार के अनुचित साधनों का प्रयोग न करें तथा ईमानदारी और आत्मविश्वास के साथ परीक्षा दें। उन्होंने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि यदि किसी परीक्षा केंद्र पर नकल या किसी अन्य प्रकार की अनियमितता की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तुरंत शिक्षा बोर्ड को दें। बोर्ड ने आश्वस्त किया है कि ऐसी सूचनाओं को पूरी गोपनीयता के साथ लिया जाएगा और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।