सीहोर। मध्यप्रदेश के सीहोर जिले में आष्टा-शुजालपुर मार्ग पर सोमवार को ट्रक और बोलेरो गाड़ी की आमने-सामने की टक्कर में चार लोगों की मृत्यु हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, आष्टा-शुजालपुर मार्ग पर गोदी जोड़ के समीप यह दुर्घटना हुई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दुर्घटना में चार लोगों की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि पांच गंभीर घायलों को तत्काल उपचार के लिए आष्टा के शासकीय अस्पताल भेजा गया। इनमें से तीन घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और एम्बुलेंस मौके पर पहुंच गई। पार्वती थाना प्रभारी हरिसिंह परमार ने राहत एवं बचाव कार्य का नेतृत्व किया। पुलिस मृतकों और घायलों की पहचान करने के साथ दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।