शपथ के साथ शुरू हुई सलूणी पंचायत समिति की नई पारी

सलूणी में जगी नई उम्मीद, नवनिर्वाचित अध्यक्ष-उपाध्यक्ष ने संभाला कार्यभार

निजी संवाददाता-सलूणी
पंचायत समिति सलूणी के नवनिर्वाचित अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का शपथ ग्रहण समारोह सोमवार को एसडीएम कार्यालय में आयोजित किया गया। एसडीएम चंद्रवीर सिंह ने पंचायत समिति अध्यक्ष छाया देवी और उपाध्यक्ष मदन ठाकुर को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण के बाद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष ने विधिवत रूप से अपना कार्यभार संभाल लिया। इस अवसर पर डलहौजी विधानसभा क्षेत्र के विधायक डीएस ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित रहे।

गौरतलब है कि हाल ही में संपन्न पंचायत समिति अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के चुनावों में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों ने जीत हासिल की थी। अध्यक्ष पद पर छाया देवी और उपाध्यक्ष पद पर मदन ठाकुर ने कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों को हराकर पद हासिल किया था।

विकास को मिलेगी रफ्तार
विधायक डीएस ठाकुर ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष और उपाध्यक्ष को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विश्वास जताया कि दोनों के नेतृत्व में सलूणी क्षेत्र में विकास कार्यों को गति मिलेगी और आम जनता के हितों को प्राथमिकता दी जाएगी।